{"_id":"629133b7a8a702091f1eda53","slug":"singapore-high-court-acquits-two-indians-convicted-of-drug-smuggling","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News: सिंगापुर हाईकोर्ट ने नशा तस्करी में दोषी दो भारतीयों को किया बरी, पेन्सिलवेनिया में धमाका, पढ़ें कुछ अहम खबरें","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Big News: सिंगापुर हाईकोर्ट ने नशा तस्करी में दोषी दो भारतीयों को किया बरी, पेन्सिलवेनिया में धमाका, पढ़ें कुछ अहम खबरें
Sat, 28 May 2022 01:56 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी, सिंगापुर।
एजेंसी, सिंगापुर।
Published by: Jeet Kumar
Updated Sat, 28 May 2022 01:56 AM IST
सार
अदालत ने भारतीय मूल के मलयेशियाई रामदास पुन्नुसामी (41) की उम्रकैद और 15 बेंत की सजा के खिलाफ अपील को भी स्वीकार कर लिया है। वहीं अमेरिका के पेन्सिलवेनिया प्रांत के पोट्सटॉउन में एक घर में हुए धमाके के चलते चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लापता बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश की अपीलीय अदालत ने गत वर्ष नशा तस्करी में दोषी करार दिए गए भारतीय मूल के दो लोगों को शुक्रवार को बरी कर दिया। इनमें से एक को मौत की सजा सुनाई गई थी। दोनों को हाईकोर्ट ने जून 2020 में दोषी ठहराया था।
विज्ञापन
मुख्य न्यायाधीश सुंदरेश मेनन की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ ने राजकुमार अय्याचामी (40) की दोषसिद्धि व नशा तस्करी के लिए अनिवार्य मौत की सजा के खिलाफ अपील को अनुमति दी। अदालत ने भारतीय मूल के मलयेशियाई रामदास पुन्नुसामी (41) की उम्रकैद और 15 बेंत की सजा के खिलाफ अपील को भी स्वीकार कर लिया है। दोनों की अपील पूरी तरह से इस बात पर टिकी रही कि क्या उनमें से प्रत्येक को मादक पदार्थ की प्रकृति के बारे में पता था। दोनों पर 1.875 किलोग्राम गांजा का एक बैग रखने का आरोप लगाया गया था।
विज्ञापन
अमेरिका : पेन्सिलवेनिया के एक घर में धमाका, 4 की मौत
अमेरिका के पेन्सिलवेनिया प्रांत के पोट्सटॉउन में एक घर में हुए धमाके के चलते चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लापता बताए जा रहे हैं। पोट्सटाउन बरो के प्रबंधक जस्टिन केलर ने पुष्टि की कि यह धमाका रात आठ बजे के बाद फिलाडेल्फिया से करीब 64 किमी दूर उत्तर-पश्चिम में पोट्सटाउन के एक घर में हुआ। विस्फोट में दो लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाके के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतकों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
विज्ञापन
टेक्सास विवि ने की फाउंडेशन फॉर इंडिया के साथ साझेदारी की घोषणा
अमेरिकी टेक्सास सदर्न यूनिवर्सिटी (टीएसयू) और ‘फाउंडेशन फॉर इंडिया स्टडीज’ (एफआईएस) ने विश्वविद्यालय के स्नातक स्कूल के लिए भारत अध्ययन कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इसका मकसद अमेरिका में भारत को लेकर अध्ययन को बढ़ावा देना है।
टीएसयू ने कहा कि अमेरिका में भारत के अध्ययन को बढ़ावा देने वाली यह साझेदारी फाउंडेशन के सहयोग से विवि में भारत केंद्रित कार्यक्रमों का विकास और कार्यान्वयन करेगी। कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक और शैक्षणिक संगोष्ठियां व सम्मेलन होंगे।
एफआईएस के संस्थापक अध्यक्ष कृष्ण विल्ला ने बताया, इस साझेदारी के साथ, हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विरासत को कायम रखना चाहते हैं ताकि भारतीयों के योगदान के बारे में मुख्यधारा के समुदाय से अधिक समझ मिल सके। इसमें भारत व भारतवंशियों के बारे में ज्ञान को बढ़ाव दिया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका में गुप्ता बंधुओं की साथी रही रोनिका राघवन गिरफ्तार
दक्षिण अफ्रीका में करोड़ों रेंड ठगी के आरोपों का सामना कर रहे स्व:निर्वासित गुप्ता बंधुओं की सहयोगी रही भारतीय मूल की दक्षिण अफ्रीकी नागरिक रोनिका राघवन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुप्ता बंधुओं को दुबई से निर्वासित करने के प्रयास चल रहे हैं। रोनिका को गुप्ता बंधुओं की पूर्व कर्मचारी पुष्पावेणी गोवांदर और खनिज संसाधन विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल जोएल राफेला के साथ गिरफ्तार किया गया।
हैदराबाद : योग उत्सव में उमड़े हजारों लोग
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 25 दिवसीय काउंटडाउन का शुभारंभ शुक्रवार को हैदराबाद में योग उत्सव के रूप में शुरू हुआ। इस महा आयोजन में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और योग किया। आयुष मंत्रालय और तेलंगाना सरकार ने मिलकर इसका आयोजन किया।
तेलंगाना के राज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन योग उत्सव की मुख्य अतिथि थीं। केंद्रीय आयुष, बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी भी इस आयोजन में शामिल हुए। आयुष मंत्रालय के मुताबिक मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के इस आयोजन में 10 हजार से अधिक लोगों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन किया।
मैसूर में होगा 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा, योग उत्सव में शामिल हुए लोगों के जज्बे ने मैसूर में 21 जून को होने वाले 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को गति दे दी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाखों लोग योग करेंगे। इस आयोजन को दुनियाभर में मनाया जाएगा। सोनोवाल ने इस मौके पर गार्जियन रिंग का भ एलान किया जिस पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरे दिन दुनियाभर में होने वाले आयोजनों का प्रसारण किया जाएगा।
इंडियन बैंक ने तीन एनपीए के 362 करोड़ को बताया धोखाधड़ी
इंडियन बैंक ने शुक्रवार को कहा कि उसने आईएलएंडएफएस तमिलनाडु पावर लिमिटेड समेत तीन एनपीए के 362 करोड़ रुपये को धोखाधड़ी करार दिया है। इस संदर्भ में उसने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को जानकारी दी है। बैंक ने बीएसई को दी गई जानकारी में कहा है कि तीन एनपीए को धोखाधड़ी घोषित किया है और नियामक आवश्यकताओं के तहत आरबीआई को इसकी रिपोर्ट की है।
इन मामलों में पैसों को दूसरी जगह अन्य मकसद से भेजा गया। आईएलएंडएफएस तमिलनाडु पावर ने बैंक से 320 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की जबकि एमिको टेक्सटाइल ने 30.98 करोड़ और सर्बमंगला एग्रो प्रोडक्ट्स ने 11.26 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।
तेलंगाना : मुफ्त सिंचाई समेत कई कल्याण योजनाओं का लाखों किसानों को मिला लाभ
तेलंगाना सरकार ने किसानों के संपूर्ण विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। किसानों को सिंचाई के लिए 24 घंटे मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है। 35 लाख किसानों को 22,000 करोड़ रुपये के कर्ज अब तक दिए जा चुके हैं। देश में पहली बार तेलंगाना ही रायतु बंधु योजना के तहत फसल सहायता में हर साल 10 हजार रुपये दे रहा है। इसके तहत पिछले आठ सत्रों में 63 लाख किसानों को 50,448 करोड़ रुपये की सहायता की गई है।
रायतु बीमा योजना के तहत दुर्घटना में किसान की मृत्यु हो जाने पर उनके परिजन को पांच लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है और एलआईसी के माध्यम से दावों का निपटारा 10 दिन में किया जाता है। देश में सिर्फ तेलंगाना में ही पानी उपकर बकाया और जलकर वापस लिया गया है और सिंचाई परियोजनाओं से सिंचाई के लिए पानी मुफ्त दिया जा रहा है। नतीजे में कृषि उत्पादन आठ गुना बढ़ा है।
प्रदेश में रिकॉर्ड 2.18 करोड़ टन धान का उत्पादन किया गया है। कपास उत्पादन में देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। गोदामों के भंडारण की क्षमता 9.9 लाख से ज्यादा कर दी गई है। सरकार ने सहायता के लिए कृषि विस्तार अधिकारी नियुक्त किए हैं। तेलंगाना एकमात्र राज्य है जिसने ट्रैक्टर, ट्रॉली पर परिवहन कर निलंबित किया है।