रूस ने एक समय में भारत और पाक के साथ शुरू किया सैन्य अभ्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रूस ने एक ही समय में भारत और पाकिस्तान के साथ अलग-अलग संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। शुक्रवार को रूस के व्लादिवोस्तोक में भारतीय और रूसी सेना के बीच ‘इंद्र-2016’ नाम से संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू हो गया, वहीं रूसी सेना की एक टुकड़ी पाक सेना के साथ सैन्य अभ्यास के लिए इस्लामाबाद पहुंच गई। इस सैन्य अभ्यास को ‘फ्रैंडशिप 2016’ नाम दिया गया है।
यह पहली बार है, जब रूस ने अपने धुर विरोधी रहे पाकिस्तान के साथ युद्धाभ्यास शुरू किया है। पाकिस्तान के साथ रूस का पहला संयुक्त सैन्य अभ्यास भारत के लिए झटका माना जा रहा है। भारत के साथ नजदीकी के चलते रूस के रिश्ते पाकिस्तान से शीत युद्ध जैसे थे, लेकिन अब स्थितियां बदलने लगी हैं। हालांकि रूस ने अपने सैनिक पाक भेजने की जानकारी भारत को दी है।
वहीं, भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ‘इंद्र-2016’ संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 दिन तक चलेगा। इसके बाद अक्तूबर के शुरुआत में भारतीय सैन्य टुकड़ी स्वदेश वापसी करेगी। इसमें भारत की ओर कुमाऊं रेजीमेंट के 250 सैनिक और रूस की ओर से 59वीं मोटराइज्ड इंफैंट्री ब्रिगेड के 250 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।
पाक-रूस के बीच आज से शुरू होगा सैन्य अभ्यास
इसमें भारतीय सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व ब्रिगेडियर सुकृत चादह कर रहे हैं। इसके मकसद आतंकवाद निरोधी अभियान के दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना और प्रशिक्षण साझा करना है। भारतीय और रूसी सेना के बीच यह आठवां ‘इंद्र’ संयुक्त सैन्य अभ्यास है। ‘इंद्र’ संयुक्त सैन्य अभ्यास की शुरुआत 2003 में की हुई थी।
पाकिस्तान और रूस के बीच सैन्य अभ्यास आज से शुरू होगा। इस सैन्य अभ्यास का नाम ‘फ्रैंडशिप 2016’ रखा गया है। इसमें हिस्सा लेने के लिए रूसी सेना के 70 सैनिक इस्लामाबाद पहुंच गए हैं। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट असीम बाजवा ने कहा कि रूस के सैनिक पाकिस्तान में 24 सितंबर से लेकर 10 अक्तूबर तक दो हफ्ते के लिए रहेंगे।
दोनों देशों के 200 से ज्यादा सैनिक दो हफ्ते तक चलने वाले सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे।