अमेरिकी हस्तक्षेप से दोबारा होगी वोटों की गिनती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमरीकी विदेश मंत्री जॉन कैरी ने कहा है कि अफगानिस्तान में राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवार वोटों की फिर से गिनती के लिए सहमत हो गए हैं।
पिछले महीने हुए दूसरे चरण के चुनाव के बाद दोनों ही उम्मीदवार अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और दोनों ही एक दूसरे पर धांधली करने का आरोप लगाते हैं।
काबुल में दोनों उम्मीदवारों अशरफ गनी और अब्दुल्ला अब्दुल्ला के साथ प्रेस कांफ्रेस में कैरी ने कहा कि दोनों उम्मीदवार नतीजे को स्वीकार करेंगे।
कैरी ने कहा कि सभी 80 लाख वोटों की दोबारा गिनती 24 घंटों में शुरू हो जाएगी।
किसी को नहीं मिले थे 50 प्रतिशत मत
शुरुआती नतीजे अशरफ गनी की जीत की तरफ इशारा करते हैं।
अफगानिस्तान के चुनाव अधिकारियों की ओर से जारी नतीजों के अनुसार 14 जून को हुए चुनाव में गनी को 56.44 प्रतिशत वोट मिले जबकि अब्दुल्ला अब्दुल्ला को 43.45 प्रतिशत मत मिले।
इससे पहले चरण के चुनाव में अब्दुल्ला अब्दुल्ला को सबसे ज्यादा मत मिले लेकिन वह जीत के लिए जरूरी 50 प्रतिशत पाने में नाकाम रहे। पहले दौर के चुनाव में गनी अब्दुल्ला से बहुत पीछे थे।
इन चुनावों में जीतने वाला उम्मीदवार राष्ट्रपति हामिद करजई का स्थान लेगा जो 10 साल से इस पद पर हैं।
लेकिन ताजा चुनावों गतिरोध को दूर करने के लिए अमरीकी विदेश मंत्री कैरी को अफगानिस्तान का दौरा करना पडा है।
अमरीका खास तौर से इन खबरों से चिंतित है कि अब्दुल्ला अब्दुल्ला अफगानिस्तान में 'समांतर सरकार' चलाने की योजना बना रहे हैं।