दुश्मनी भूल संबंधों को मजबूत बनाने आगे बढ़े ओबामा-कास्त्रो
- ओबामा ने कास्त्रो से की ऐतिहासिक वार्ता
- दुश्मनी भूल संबंधों को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़े दोनों देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका से क्यूबा पहुंचने में वैसे तो महज एक घंटा लगता है, लेकिन इन दोनों देशों के बीच शीत युद्ध के बाद पनपी शत्रुता ने इस सफर को 88 साल लंबा कर दिया। 1928 के बाद रविवार को पहली बार कोई अमेरिकी राष्ट्रपति क्यूबा की राजधानी हवाना पहुंचा।
हवाना के पैलेस ऑफ रिवोल्यूशन में सोमवार को ओबामा ने क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने शीत युद्ध से चली आ रही शत्रुता को खत्म कर संबंधों को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। हालांकि अब भी अमेरिका को हवाना के खिलाफ लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध को पूरी तरह से हटाना बाकी है।
उधर, क्यूबा लगातार कई तरह की बुनियादी स्वतंत्रता पर अंकुश लगाए हुए है। इसके बावजूद ओबामा और राउल कास्त्रो (क्रांतिकारी और अमेरिका विरोधी फायरब्रांड नेता फिदेल कास्त्रो के भाई) ने कहा कि वे पुराने सभी विवादों को भुलाने के लिए तैयार हैं।
ओबामा से पहले 1928 में राष्ट्रपति कैलविन कूलीज ने यहां का दौरा किया था, लेकिन उसके बाद वाशिंगटन और हवाना के बीच चली शत्रुता ने कोई भी दौरा होने नहीं दिया।
कास्त्रो के साथ ओबामा की यह तीसरी मुलाकात थी
औपचारिक वार्ता के लिहाज से कास्त्रो के साथ ओबामा की यह तीसरी मुलाकात थी। पैलेस पहुंचने पर सेना के बैंड ने अपने अंदाज में ओबामा का स्वागत किया। पैलेस ऑफ रिवोल्यूशन 1959 की क्रांति के बाद से प्रमुख सरकारी इमारत के तौर पर जाना जाता है। उस क्रांति के बाद ही क्यूबा एक कम्युनिस्ट देश के तौर पर उभरा।
इससे पहले रविवार को ओबामा अपने परिवार के साथ क्यूबा की राजधानी हवाना पहुंचे। राउल कास्त्रो खुद एयरपोर्ट पर ओबामा की अगवानी करने नहीं गए बल्कि उन्होंने अपने विदेश मंत्री को भेजा। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच क्यूबा की धरती पर कदम रखते ही उन्होंने स्थानीय भाषा में ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा, यह एक ऐतिहासिक दौरा है। ओबामा की यात्रा दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य करने की उसी पहल का एक हिस्सा है, जिसकी शुरुआत उन्होंने और कास्त्रो ने 2014 में की थी। मंगलवार को ओबामा क्यूबा की जनता को संबोधित करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण सरकारी टेलीविजन पर होगा। इसके बाद वह बेसबाल गेम देखने भी जाएंगे।