उत्तर कोरिया ने किया युद्ध जैसी स्थिति का ऐलान, अब क्या होगा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया से सटी सीमा पर तैनात सैनिकों से युद्ध जैसे हालात पर तैयार रहने को कहा है। सरकारी मीडिया ने यह खबर दी है। दक्षिण कोरिया के साथ हालिया गोलाबारी के बाद यह फैसला किया गया है।
सरकारी एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, एक आपात बैठक में किम ने ‘युद्ध जैसी स्थिति’ का ऐलान कर दिया। किम ने चेतावनी दी कि अगर उत्तर कोरिया के खिलाफ 'प्रसारण' नहीं रोका जाता, तो दक्षिण कोरिया के खिलाफ कार्रवाई होगी। बीबीसी के दक्षिण कोरिया संवाददाता स्टीव इवान्स का कहना है कि कई बार इस तरह की आक्रामक भाषा की वजह से गोलाबारी बढ़ जाती है। इस बार की भाषा उससे भी ज्यादा तीखी है और गोलाबारी भी हो रही है।
सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक़, किम ने सैनिकों से कहा है कि वे किसी भी समय किसी तरह की सैनिक कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहें। इसके पहले उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया को चेतावनी दी थी कि यदि उसने ‘48 घंटों’ के अंदर सीमा पर उसके ख़िलाफ़ होने वाला प्रसारण नहीं रोका और प्रसारण उपकरणों को वहाँ से नहीं हटाया, तो वह उसके विरुद्ध ज़ोरदार सैनिक कार्रवाई करेगा।
युद्धविराम तो हुआ था, पर शांति समझौता नहीं हो पाया
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने एक चिट्ठी में कहा है कि उत्तर कोरिया प्रसारण को युद्ध का ऐलान मानता है, लेकिन वह तमाम मुद्दे सुलझाना चाहता है। उत्तर कोरिया ने कथित तौर पर ग्यारह साल बाद सीमा पर प्रसारण शुरू होने के ख़िलाफ़ गोलाबारी की थी, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था।
दक्षिण कोरिया ने जवाबी फायरिंग की। इस गोलाबारी में किसी के मारे जाने की ख़बर नहीं है। दक्षिण कोरिया ने अपनी पश्चिमी सीमा से लोगों को हटाने का आदेश दिया है।
दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच तकनीकी रूप से अभी भी युद्ध चल रहा है क्योंकि 1950-53 के युद्ध के बाद दोनों देशों के बीच युद्धविराम तो हुआ था, पर शांति समझौता नहीं हो पाया था। दक्षिण कोरिया और अमरीका ने बीते सोमवार को सालाना युद्भ अभ्यास शुरू कर दिया। वे इसे रक्षात्मक मानते हैं। पर उत्तर कोरिया इसे अपने ऊपर होने वाले हमले का अभ्यास मानता है।