फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Rest of World ›   Nepali PM KP Sharma Oli has accepted the invitation of PM Modi to visit India

भारत और नेपाल के संबंधों में जुड़ा नया अध्याय, ओली ने स्वीकार किया पीएम मोदी का न्यौता

Sun, 13 May 2018 01:07 AM IST
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Updated Sun, 13 May 2018 01:07 AM IST
विज्ञापन
Nepali PM KP Sharma Oli has accepted the invitation of PM Modi to visit India

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिवसीय नेपाल यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भारत-नेपाल संबंधों में नया अध्याय जुड़ा है। इस दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से सार्थक बातचीत हुई। अब तक हुए समझौतों को अमलीजामा पहनाने के लिए जरूरी कदम उठाने पर दोनों पक्षों में सहमति बनी। मोदी ने ओली को भारत आने का न्यौता भी दिया, जिसे नेपाल के पीएम ने स्वीकार कर लिया।

विज्ञापन


भारत और नेपाल के संबंधों में जुड़ा नया अध्याय
 
दोनों नेताओं ने अधिकारियों को नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सहयोग को विस्तार देने के निर्देश दिए। साथ ही नेपाल में ज्यादा हवाईअड्डों पर भारत के विमानों को उतरने की सुविधा देने के लिए तकनीकी चर्चा करने के निर्देश भी दिए। संयुक्त बयान जारी करते हुए मोदी-ओली ने साझा हितों के मद्देनजर जल संसाधन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही नदी प्रशिक्षण, बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई क्षेत्र में चल रहीं द्विपक्षीय परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
विज्ञापन

 
ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग पर बनी सहमति

दोनों पक्षों ने ऊर्जा क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों शीर्ष नेताओं ने अपने अधिकारियों को सितंबर, 2018 तक सभी द्विपक्षीय मुद्दों को निपटाने का निर्देश दिया। पिछले महीने ओली की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कृषि, रेलमार्ग और जलमार्ग विकास के लिए साझेदारी की पहल की गई थी। मोदी की यात्रा में इनको अमलीजामा पहनाने के लिए कदम बढ़ाने पर सहमति बनी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 

संयुक्त आयोग बनाने पर दिया जोर

Nepali PM KP Sharma Oli has accepted the invitation of PM Modi to visit India
मोदी-ओली ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों ने साझा हितों और एक-दूसरे की संवेदनाओं का सम्मान करने की बात कही। इस दौरान विदेश मंत्रालय स्तर पर संयुक्त आयोग समेत द्विपक्षीय प्रणाली बनाने पर जोर दिया गया, ताकि समय-समय पर द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जा सके। साथ ही आर्थिक और विकास परियोजनाओं में सहयोग के कदमों को तत्काल उठाया जा सके।

प्रचंड और देउबा से भी मिले मोदी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड और शेर बहादुर देउबा समेत विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल-नेपाल के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की।

खेलों से मजबूत होंगे दोनों देशों के संबंध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की राजधानी में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान नेपाल और भारत की जनता के बीच बढ़ रहे संबंधों को बताने के लिए आईपीएल में खेल रहे नेपाली युवक संदीप लामिछाने का उदाहरण दिया। संदीप को दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से चुना गया है। मोदी ने कहा कि क्रिकेट की तरह अन्य खेलों में भी दोनों देशों की साझेदारी बढ़नी चाहिए।  

यात्रा पूरी कर वापस लौटे मोदी

मोदी अपनी दो दिवसीय नेपाल यात्रा पूरी कर शनिवार को भारत लौट आए। उन्होंने काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से विशेष विमान के जरिये नई दिल्ली की उड़ान भरी। नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप ग्यावली उन्हें हवाईअड्डे तक छोड़ने आए थे। 

 

नेपाल को सफलता के शिखर पर पहुंचाने को भारत शेरपा बनने को तैयार : मोदी

Nepali PM KP Sharma Oli has accepted the invitation of PM Modi to visit India
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत नेपाल को सफलता के शिखर पर पहुंचाने के लिए शेरपा बनने को तैयार है। नेपाल यात्रा के दूसरे और आखिरी दिन उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसियों के बीच खास रिश्ते हैं। बुलेट छोड़ बैलेट अपनाकर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए नेपाल की उन्होंने तारीफ भी की। मोदी ने कहा कि नेपाल ने युद्ध से बुद्ध तक की लंबी यात्रा तय की है। लोकतंत्र अपनाकर नेपाल माउंटेन के बेस कैंप तक पहुंच गया है। अब जैसे शेरपा पर्वतारोहियों की मदद करते हैं, ठीक वैसे ही भारत नेपाल की मदद को तैयार है। नेपाल को अब अपनी जरूरतें और प्राथमिकताएं तय कर लेनी चाहिए। 

लुंबिनी जाने की पीएम ने जताई इच्छा 

‘सबका साथ, सबका विकास’ भारत की समृद्धि के साथ ही वैश्विक विचार भी है। भारत ने हमेशा दुनिया की भलाई के लिए काम किया है। इस दौरान उन्होंने बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी जाने की इच्छा भी जताई। भाषण के अंत में उन्होंने तीन बार कहा, ‘भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे।’ 

मोदी को सौंपी काठमांडू की चाबी

कार्यक्रम की शुरुआत में काठमांडू के मेयर विद्या शंकर शाक्य ने मोदी को शहर की चाबी भेंट की। उन्होंने चाबी सौंपते हुए कहा कि काठमांडू के दरवाजे आपके लिए हमेशा खुले हैं। उन्हें कई प्रतीक चिह्नों के साथ ही 55 किलो की बुद्ध प्रतिमा भी भेंट की गई। विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली ने कहा कि भविष्य में दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed