नेपाल में दूसरी बार प्रधानमंत्री बने केपी ओली, राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने किया नियुक्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेपाल में कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली दूसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। ओली नेपाल के 41वें प्रधानमंत्री हैं। राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने 65 वर्षीय ओली को देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया।
गौरतलब है कि ओली के वामपंथी गठबंधन ने करीब दो महीने पहले हुए संसदीय और स्थानीय चुनावों में नेपाली कांग्रेस को हराया था। चीन के प्रति नरम रुख रखने के लिए जाने जाने वाले ओली इससे पहले 11 अक्तूबर, 2015 से 3 अगस्त, 2016 तक नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
प्रधानमंत्री पद के लिए ओली का समर्थन यूसीपीएन-माओवादी, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी नेपाल और मधेसी राइट्स फोरम डेमोक्रेटिक के अलावा 13 अन्य छोटी पार्टियों ने किया है। इससे पहले शेर बहादुर देउबा ने देश को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री पद से अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को सौंप दिया था।
उल्लेखनीय है कि देश में हुए ऐतिहासिक संसदीय और स्थानीय चुनावों में पार्टी की बुरी हार के करीब दो महीने बाद देउबा ने इस्तीफा दिया है। देउबा सीपीएन (माओवादी सेंटर) के समर्थन से पिछले वर्ष 6 जून को नेपाल के 40वें प्रधानमंत्री बने थे। सीपीएन (माओवादी सेंटर) अब वामपंथी गठबंधन का हिस्सा है और सीपीएन-यूएमएल के साथ विलय कर रहा है।
सीपीएन- यूएमएल और सीपीएन-माओवादी सेंटर गठबंधन को दिसंबर में हुए आम चुनावों में 275 में से 174 सीटों पर जीत मिली। सीपीएन-यूएमएल का नेतृत्व ओली जबकि सीपीएन-माओवादी सेंटर का नेतृत्व प्रचंड करते हैं।
कौन है ओली?
ओली का जन्म 23 फरवरी 1952 को पूर्वी नेपाल के पहाड़ी जिला तेराथुम के इवामा में किसान परिवार में हुआ था। उनके पिता मोहननाथ ओली और माता मधु ओली बहुत गरीब थे। बचपन में ही ओली की माता का देहांत हो गया। जीविका चलाने के लिए ओली के पिता झापा चले गए।
उन्होंने नौवीं क्लास के बाद पढ़ाई छोड़ दी और राजनीति में शामिल हो गए। ओली राजशाही के खिलाफ आंदोलन के कारण 1973 से 1987 तक 14 साल की सजा भी काट चुके हैं। ओली पहली बार 23 साल पहले मनमोहन अधिकारी के नेतृत्व में बनी सरकार में गृहमंत्री थे। ओली गिरिजा प्रसाद कोइराला नेतृत्व के सरकार में उपप्रधान और विदेश मंत्री भी रह चुके हैं। ओली वर्तमान में झापा से सांसद हैं। उनकी पत्नी रचना शाक्य भी वाम कार्यकर्ता हैं।