इस्तांबुल नाइट क्लब आतंकी हमले का आरोपी गिरफ्तार
तुर्क सरकार की समाचार एजेंसी एनाडोलु के मुताबिक - ‘अब्दुल कादिर माशारिपोव नामक उजबेकिस्तान के नागरिक को किर्गिस्तान मूल के एक व्यक्ति और मिस्र, सीनेगल व सोमालिया की तीन अन्य महिलाओं के साथ इस्तांबुल के एक जिले से हिरासत में लिया है।’ तुर्की के पीएम न्यूमैन कुर्तुल्मस ने इस उपलब्धि पर स्थानीय पुलिस को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि आतंक और इसके पीछे जुटी ताकतों के खिलाफ हमारी लड़ाई अभी जारी रहेगी। इस हमले में इस्राइल, फ्रांस, ट्यूनीशिया, लेबनान, भारत, बेल्जियम, जॉर्डन व सऊदी अरब के नागरिक मारे गए थे और कई लोग घायल भी हुए थे।
हमला तुर्की द्वारा सीरिया में सैन्य हस्तक्षेप करने का बदला
इस्तांबुल हमले की जिम्मेदारी लेते हुए आईएस ने कहा था कि यह हमला तुर्की द्वारा सीरिया में सैन्य हस्तक्षेप करने का बदला है। नाइट क्लब में नए साल के रविवार को हमलावर सांता क्लाज के वेश में टैक्सी से आया और कार से लंबी बैरल बंदूक निकालकर क्लब के मुख्य द्वार से अंदर घुसा जहां करीब 700 लोग जुटे थे। यहां पहुंचकर उसने गोलियां चलाकर 39 लोगों को मार गिराया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाते समय ली गई उसकी तस्वीरों में उसके चेहरे पर घाव और चोट के निशान नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में पुलिसकर्मियों ने उसके गले को पकड़ा हुआ है।
आईएस के कब्जे वाले इलाके में भागने का संदेह जताया गया था
इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि वह तुर्की से निकलकर भागने में कामयाब हो गया है। अनुमान लगाया जा रहा था कि वह आईएस के कब्जे वाले क्षेत्र में भाग गया है। इस हमलावर को पकड़ने के लिए पुलिस पर काफी दबाव था। बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, उस समय उसके साथ चार अन्य संदिग्धों के अलावा उसका 4 साल का बेटा भी मौजूद था। वह अपने एक दोस्त के घर छुपा हुआ था।