{"_id":"5b3cc0ab4f1c1bad288b4965","slug":"is-leader-baghdadi-son-of-al-badri-killed-in-syria","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीरिया में मारा गया आईएस सरगना बगदादी का बेटा अल-बद्री","category":{"title":"Rest of World","title_hn":"अन्य देश","slug":"rest-of-world"}}
सीरिया में मारा गया आईएस सरगना बगदादी का बेटा अल-बद्री
न्यूयॉर्क टाइम्स न्यूज सर्विस, बेरूत, लेबनान
Updated Wed, 04 Jul 2018 06:12 PM IST
विज्ञापन
gg
सीरिया में चल रहे गृहयुद्ध में आईएस सरगना अबू बकर अल-बगदादी का बेटा हुदायफाह अल-बद्री मारा गया है। इस्लामिक स्टेट का प्रचार करने वाली उसकी समाचार एजेंसी अमाक ने अल-बद्री के मारे जाने की पुष्टि की है। अमाक ने एक युवक की तस्वीर भी जारी की है जिसके हाथ में राइफल है।
विज्ञापन
अमाक एजेंसी के मुताबिक सीरिया के होम्स प्रांत में जिहादियों के एक हमले के दौरान थर्मल पावर स्टेशन पर नुसायरियाह और रूस के खिलाफ अभियान में अल-बद्री की मौत हुई है।
विज्ञापन
आईएस द्वारा नुसायरियाह शब्द का प्रयोग राष्ट्रपति अल-असद के धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए किया जाता है। यानी सीरिया में चल रहे गृहयुद्ध के दौरान बगदादी के बेटे की मौत रूस और सीरिया सरकार के संयुक्त अभियान में हुई है। सीरिया और इराकी सुरक्षा बलों के आतंक रोधी अभियान में जिहादियों को इन दिनों बुरी तरह से कुचला जा रहा है।
विज्ञापन
आईएस ने 2014 में इराक के बड़े हिस्से पर कब्जे के बाद सीरिया और इराक में खुद को खलीफा घोषित किया था। लेकिन अब यहां आईएस लगातार कमजोर होता दिखाई दे रहा है। बता दें कि पिछले साल ही इराक सरकार ने आईएस पर जीत की घोषणा की थी, लेकिन सेना अब भी सीरिया की सीमा के मरुस्थल क्षेत्र में अभियान चला रही है।
बगदादी के लिए खोज अभियान जारी
पिछले कुछ वर्षों में लगातार आईएस सरगना बगदादी की मौत की खबरें आती रही हैं लेकिन इराक के एक खुफिया अधिकारी ने मई में स्पष्ट कर दिया है कि बगदादी फिलहाल जिंदा है और सीरिया में मौजूद है। उसकी खोज में लगातार अभियान जारी है लेकिन बेटे अल-बद्री की मौत के बाद बगदादी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उसे सबसे वांछित व्यक्ति घोषित करते हुए अमेरिका ने उस पर 2 करोड़ 50 लाख डॉलर का इनाम भी रखा है।