पुरुषों का मैच देखने पर महिला को जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईरान में पुरुषों का वॉलीबॉल मैच देखने की कोशिश करने के लिए गिरफ्तार ईरानी मूल की ब्रितानी महिला को एक साल कारावास की सजा सुनाई गई है।
गोन्चे गवामी के वकील ने रविवार को यह जानकारी दी। लंदन से कानून स्नातक 25 वर्षीय गवामी को जून में तेहरान स्टेडियम से हिरासत में लिया गया था।
गोन्चे के वकील अलीजादेह तबातबाई ने ईरानी मीडिया को बताया, "अदालत ने उन्हें एक साल की सजा सुनाई है।" हालांकि सजा का कोई कारण नहीं बताया गया है।
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक गवामी की गिरफ्तारी का वॉलीबॉल मैच से कोई लेना-देना नहीं, बल्कि ऐसा सुरक्षा कारणों से किया गया है।
लड़कियों के मैच देखने पर क्यों लगी है पाबंदी?
गवामी पिछले 126 दिनों से तेहरान की कुख्यात जेल 'एविन प्रिजन' में बंद हैं। गवामी के दोस्तों और परिजनों ने उनकी रिहाई की मांग करते हुए 'फेसबुक पर जोर-शोर से अभियान चलाया था।
फेसबुक पेज के अनुसार,"गवामी के परिवार और वकील को अब तक यह नहीं बताया गया है कि गिरफ्तारी का क्या आधार है। निष्पक्ष और न्यायसंगत कानूनी प्रक्रिया हर नागरिक का हक है। आखिर गवामी के मामले में इन अधिकारों को अनदेखा क्यों किया जा रहा है?"
वॉलीबॉल की महिला प्रशंसकों और महिला पत्रकारों पर भी तेहरान के 'आजादी स्टेडियम' में मैच देखने पर पाबंदी लगाई गई थी। इसी के चलते गवामी की गिरफ्तारी हुई।
ईरान पुलिस प्रमुख जनरल इस्माइल अहमदी मोगाद्दम के मुताबिक मर्द और औरतों का ऐसे मौकों पर एक साथ होना अब भी 'सार्वजनिक हित' में नहीं है। गवामी की गिरफ्तारी के समय जनरल इस्माइल ने कहा था कि पुलिस कानून-व्यवस्था का पालन कर रही है।
ईरान में महिलाओं के फुटबॉल मैच देखने पर भी पाबंदी है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं को पुरुषों के अशिष्ट व्यवहार से बचाने के लिए ऐसी व्यवस्था की गई है।