बम की अफवाह के बाद कराई गई विमान की आपात लैंडिंग
मॉरीशस से 473 लोगों को लेकर पेरिस जा रहे एयर फ्रांस के विमान में बम होने की अफवाह के चलते रविवार को केन्या में इसकी आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। साथ ही मामले में संदिग्ध छह यात्रियों से पूछताछ की गई।
केन्याई पुलिस ने बताया कि एक यात्री ने विमान के शौचालय में संदिग्ध उपकरण देखा, जिसमें स्टॉप वाच लगी थी। उसने इसकी जानकारी चालक दल के सदस्यों को दी, जिसके बाद पायलट को मजबूरन विमान को केन्या के मोम्बसा स्थित मोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट में उतारना पड़ा।
पुलिस प्रवक्ता चार्ल्स ओविनो ने बताया कि एयर फ्रांस फ्लाइट-463 मॉरीशस से पेरिस के चार्ल्स डी गॉल को रवाना हुई थी, जिसमें 459 यात्री और 14 चालक दल के सदस्य सवार थे।
लेकिन यह नहीं था बम
चार्ल्स के मुताबिक आपातकालीन लैंडिंग कराने की अपील की जाने के बाद एयर
फ्रांस के विमान को स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:37 बजे सुरक्षित उतारा गया।
साथ ही सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया।
इसके अलावा नौसेना और
सीआईडी के बम विशेषज्ञों को बुलाया गया। हालांकि बाद में पेरिस में एयर
फ्रांस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्रेडेरिक गागे ने बताया कि विमान में
पाया गया संदिग्ध उपकरण बम नहीं था।
यह उपकरण दफ्ती, पेपर और घरेलू टाइमर
से बना था। उन्होंने किसी भी तरह की सुरक्षा चूक को भी सिरे से खारिज किया।