कैमरून के उप प्रधानमंत्री की पत्नी अगवा
कैमरून की सेना का कहना है कि नाइजीरिया के चरमपंथी संगठन बोको हराम ने कैमरून के उप प्रधानमंत्री अमादोअ अली की पत्नी को कैमरून के उत्तरी शहर कोलोफाता से अगवा कर लिया है।
सूचना मंत्री इस्सा चिरोमा ने कहा कि उप प्रधानमंत्री अमादोअ अली की पत्नी और उनकी कामवाली को उनके घर पर "भीषण हमला" कर चरमपंथी उठा ले गए हैं।
कर्नल फलीज नजी फोर्मकांग ने समाचार एजेंसी रायटर्स को बताया कि अली हमले में बच कर निकलने में कामयाब हुए। हमले के वक्त अली रोजा खोलने के लिए इफ्तार करने बैठे थे।
कैमरून की सीमा में बोको का प्रवेश
एक स्थानीय धार्मिक नेता और मेयर भी इसे इलाके से अगवा किए जा चुके हैं। एक अन्य घटना में कम से कम पांच लोग उत्तरी नाइजीरिया में विस्फोट में मारे गए हैं।
स्थानीय निवासियों ने विस्फोट के पीछे बोको हराम का हाथ होने की आशंका जताई है।
बोको हराम हाल के हफ्तों में कैमरून की सीमा में प्रवेश कर चरमपंथी हमलों को अंजाम दे रहा है।
विदेशी नागरिकों को भी अगवा किया
बोको हराम की घुसपैठ के मद्देनजर क्षेत्र में सेना को तैनात किया गया है। चरमपंथी उत्तरी कैमरून में एक फ्रेंच परिवार और चीनी कामगारों समेत कई विदेशी नागरिकों को अगवा कर चुके हैं।
शुक्रवार को चरमपंथी समूह के 20 से ज्यादा सदस्यों को कैमरून में गैर-कानूनी तरीके से हथियार रखने और बगावत की साजिश रचने की वजह से जेल भेजा गया है।
चरमपंथी समूह बोको हराम नाइजीरिया में इस्लामी राज्य की स्थापना करना चाहते हैं।