मरा नहीं बुरी तरह जख्मी है IS सरगना बगदादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का सरगना अबू बकर बगदादी जिंदा है। माना जा रहा है कि वह बुरी तरह जख्मी है और आतंकी संगठन की अगुवाई कर पाने में अक्षम है।
उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट पहुंची है। शुक्रवार को एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया। फिलहाल आईएस की कमान इसके एक शीर्ष आतंकी अबू अल अफ्री के हाथों में है, जो संगठन में बगदादी के बाद नंबर दो पर आता है। अफ्री भौतिकी का प्रोफेसर रहा है।
ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी हवाई हमलों में घायल दुनिया का सबसे वांछित आतंकी अभी मरा नहीं है। दो डॉक्टर उसका इलाज करने में लगे हुए हैं। बगदादी अपना इलाज आतंकियों के गढ़ माने जाने वाले इराक के मोसुल में किसी अज्ञात स्थान पर करा रहा है।
यूरोप पर हमले की फिराक में आईएस
सूत्रों के मुताबिक, मोसुल अस्पताल की महिला रेडियोलॉजिस्ट और एक सर्जन बगदादी के इलाज में लगे हुए हैं। आईएस के शीर्ष आतंकियों को ही बगदादी के इलाज कराने की जगह के बारे में जानकारी है।
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘इराक के अल बाज में घायल हुआ बगदादी फिर से आतंकी संगठन की कमान हासिल करने की फिराक में है। हालांकि अखबार ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि बगदादी के जख्म इतने गहरे हैं कि वह दोबारा आतंकी संगठन की कमान नहीं संभाल पाएगा।
गार्जियन को आईएस के दो आतंकियों ने बताया कि उनका संगठन यूरोप पर हमले करने की फिराक में है। उनका संगठन यूरोप पर हमला कर बगदादी का बदला लेना चाहता है।