आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने इमरान खान को दी जीत की बधाई, कश्मीर को लेकर दिया बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के आम चुनावों में भारी जीत हासिल कर प्रधानमंत्री बनने जा रहे पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने बधाई दी है। जम्मू-कश्मीर में इस आतंकी संगठन के चीफ महमूद शाह ने बधाई देते हुए कहा कि शपथ ग्रहण से पहले इमरान खान ने कश्मीरियों के बारे में बात करते हमारे दिल में खास जगह बनाई है।
महमूद शाह ने कहा कि इमरान खान ने प्रधानमंत्री बनने से पहले ही जिस तरह से जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को मुख्य रूप से उठाया है, उससे कश्मीरियों के दिल में उनके प्रति इज्जत बढ़ गई है और कश्मीर के लोगों को उनमें एक सच्चे पाकिस्तानी होने की आशा दिखाई देती है। शाह ने कहा 'हमें उम्मीद है कि इमरान खान किसी भारतीय षडयंत्र के शिकार नहीं होंगे और भारतीय अत्याचारों का पर्दाफाश करने के लिए पाकिस्तानी मीडिया के लिए एक प्रमुख नीति तैयार की जाएगी।' उसने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग पाकिस्तान को दूसरा मदीना मानते हैं।
इमरान 11 अगस्त को प्रधानमंत्री पद की लेंगे शपथ
पाकिस्तान में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बावजूद इमरान खान के प्रधानमंत्री बनने की राह में बहुमत का संकट बरकरार है। हालांकि इमरान बहुमत को लेकर आश्वस्त हैं और उन्होंने कहा है कि वह 11 अगस्त को पीएम पद की शपथ लेंगे। साथ ही इस्लामाबाद के खैबर पख्तूनख्वा से नवनिर्वाचित सदस्यों से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री के नामांकन से संबंधित फैसला भी जल्द ही लिया जाएगा।
पीटीआई ने सरकार गठन के लिए एमक्यूएम-पी से मांगा समर्थन
इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने संघीय सरकार के गठन के लिए एमक्यूएम-पी का समर्थन मांगा है। 'डॉन' के मुताबिक पार्टी के नेता जहांगीर तरीन सोमवार शाम इस्लामाबाद से कराची आए और पूर्व प्रतिद्वंद्वी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान को पीटीआई के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
बता दें कि एमक्यूएम-पी ने इस बार नेशनल असेंबली की छह सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसमें कराची में चार सीट और हैदराबाद में दो सीटें शामिल हैं। दरअसल, पीटीआई 116 सीटों के साथ अपनी बदौलत सरकार नहीं बना सकती और संसद के निचले सदन में सामान्य बहुमत नहीं होने के कारण राष्ट्रीय राजनीति में एमक्यूएम-पी महत्वपूर्ण भूमिका में आ गयी है। इसलिए पीटीआई ने एमक्यूएम-पी से समर्थन मांगा है।
शपथग्रहण समारोह में पीएम मोदी को भी बुला सकते हैं इमरान
ऐसा माना जा रहा है कि इमरान खान अपने शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित कर सकते हैं। उनकी पार्टी पीएम मोदी समेत दक्षेस के सदस्य देशों के नेताओं को बुलाने पर विचार कर रही है।
हालांकि सूत्रों की मानें तो इमरान खान की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी को अगर औपचारिक रूप से न्यौता मिलता है तो उनकी जगह प्रतीकात्मक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर या वीके सिंह को भेजा जा सकता है।