शरीफ विरोधी प्रदर्शनकारी संसद तक पहुंचे
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफे की मांग करते हुए राजधानी इस्लामाबाद में हजारों प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च निकाला है।
प्रदर्शनकारियों ने उन अवरोधकों को तोड़ दिया जिन्हें पुलिस ने खड़ा किया था और वे कड़ी सुरक्षा वाले रेड जोन में दाखिल हो गए। यहां बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। ये प्रदर्शनकारी इमरान ख़ान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी और अवामी पार्टी के नेता ताहिर–उल कादरी के समर्थक हैं।
पहले इमरान ख़ान ने राजधानी के अति विशिष्ट इलाके यानी रेड जोन की तरफ बढ़ना शुरु किया लेकिन बाद में ताहिर उल कादरी के समर्थकों ने भी इस मार्च में शामिल होने का फैसला किया।
रेड जोन इलाके में प्रदर्शन
इससे पहले इमरान खान ने प्रदर्शनस्थल से इस्लामाबाद के रेड जोन इलाके (प्रतिबंधित क्षेत्र) में कूच करने का ऐलान किया था। दोनों ही नेता प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं।
राजधानी के रेड जोन इलाके में सरकार के दफ्तर हैं, साथ ही विदेशों के दूतावास भी हैं। समर्थकों ने रेड ज़ोन में प्रवेश करने के लिए पुलिस की नाकेबंदी को तोड़ दिया।
समर्थकों के साथ एक क्रेन भी है। इस क्रेन की मदद से रास्ते में आने वाली बाधाओं को हटाया गया है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के हाथों में पानी की बोतलें थीं और कई ने आंसू गैस से बचने के लिए मास्क पहन रखे थे।
पुलिस के जवान सड़क के एक ओर खड़े हैं। लेकिन अभी तक प्रतिभागी पुलिस से सामना नहीं हुआ है। क़ादरी का मार्च इमरान ख़ान के मार्च के पीछे है। तहरीक-ए-इंसाफ़ के मार्च में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।