हाफिज के साथ पाक की अदालत! लगी फैंटम पर रोक
आखिरकार पाकिस्तान में सैफ अली खान और कैटरीना कैफ की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म फैंटम की रिलीज पर रोक लगा दी है। पाकिस्तान की एक कोर्ट ने बृहस्पतिवार को ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉलीवुड फिल्म फैंटम की रिलीज पर रोक लगा दी है।
जमात उद दावा के सरगना सईद ने याचिका में कहा था कि फिल्म में उसके और संगठन खिलाफ दुष्प्रचार दिखाया गया है। सईद की याचिका पर सुनवाई करते हुए लाहौर हाईकोर्ट के जज जस्टिस शाहिद बिलाल हसन ने सैफ अली खान की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म को पाक के सिनेमाघरों में दिखाने पर रोक लगा दी।
पाक में यह फिल्म 28 अगस्त को रिलीज होनी थी। फिल्म में मुंबई आतंकी हमले के बाद की कार्रवाई पर आधारित है। अपना संक्षिप्त आदेश जारी करने से पहले कोर्ट ने इस तथ्य को ध्यान में रखा कि रिलीज के बाद भारतीय समेत कोई भी फिल्म आसानी से बाजार में उपलब्ध हो जाती है।
सीडी पर हो रहा विचार!
कोर्ट ने सरकार से पूछा कि पाबंदी के बाद आखिर फिल्म की सीडी को बाजार में आने से कैसे रोका जा सकता है। आठ अगस्त को हाईकोर्ट में दायर याचिका में हाफिज सईद के वकील एके डोगर ने आरोप लगाया था कि इस फिल्म से सईद और उनके सहयोगियों के जीवन पर सीधा खतरा है।
इस तरह की फिल्मों से भारतीय अभिनेता और अभिनेत्री अपने संवादों के जरिए पाक नागरिकों के जेहन में जहर भरने का काम करते हैं और ऐसी तस्वीर दिखाते हैं कि हाफिज सईद एक आतंकी है, जबकि जमात उद दावा कोई प्रतिबंधित संगठन नहीं है। हालांकि पाक सेंसर बोर्ड ने अभी तक देश में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाई है।
इससे पहले भी सैफ अली खान की एजेंट विनोद, सलमान खान की एक था टाइगर के प्रदर्शन पर रोक लग चुकी है। हालांकि पाक में इन फिल्मों की डीवीडी और सीडी धड़ल्ले से बिकती रही है।