पाकिस्तानी अभिनेत्री शाहीन की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान में कुछ अज्ञात आतंकियों ने एक महिला अभिनेत्री मुसरत शाहीन की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पाकिस्तान के खैबर पख्तुनख्वा इलाके की है। मुसरत शाहीन अपनी मां के साथ नौशेरा जिले में स्थित एक बाजार में कुछ सामान खरीदने गई थीं।
बाजार में सामान खरीदने के दौरान ही कुछ अज्ञात हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और उनपर गोलियां बरसाने लगे। गोली लगने के बावजूद शाहीन तुरंत पास के अस्पताल की ओर भागी लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने अपना दम तोड़ दिया।
नहीं पकड़े गए हमलावर
हमला करने वाले सभी हमलावर वहां से तुरंत भागने में कामयाब रहे। फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है लेकिन अबतक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस हमले के पीछे के कारणों का अबतक पता नहीं लग सका है लेकिन बावजूद इसके पुलिस तेजी से उनकी तलाश कर रही है। बीच बाजार में एक अभिनेत्री को गोली मारने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।