पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ जिहाद के लिए चंदा कर रहे संगठन को रोका
पाकिस्तानी प्रशासन ने भारत में जिहाद के लिए पाकिस्तान में चंदा जमा करने वाले मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा के चंदा जमा करने को गैरकानूनी बताया है और साथ ही कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
हाल ही में एक वीडियो सामने आया था जिसमें पाकिस्तान में एक मस्जिद के बाहर भारत के खिलाफ जिहाद करने के लिए चंदा मांगा जा रहा था। चंदा जमा करने का काम फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन करता है यह जमात-उद-दावा का ही अंग है।
आतंकी हाफिज सईद का संगठन जमात-उद-दावा पाकिस्तान में लोगों से तीन तरह से चंदा लेता है। फितराना यह 'अनिवार्य दान' है। दूसरा है 'जकात' जो साल में अमीर लोगों को देनी होती है और तीसरा है 'सदकात' यह लोग अपनी मर्जी से देते हैं। संगठन के सदस्य दान के लिए पैम्फ्लेट बांटते हैं और जगह-जगह पोस्टर भी चिपकाते हैं।
आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड
दिसंबर 2001 में भारत की संसद पर हमला करने के बाद पाकिस्तान ने लश्करे-तैयबा को 2002 में बैन कर दिया था। मगर यह अब नए नाम जमात-उद-दावा और फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेश के जरिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता है। भारत में 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड जमात-उद-दावा का हफीज सईद है।
पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने वहां की मीडिया से कहा चंदा जमा करने के इस अभियान के खिलाफ पहले ही कदम उठाना चाहिए था लेकिन प्रांतीय सरकार बिना ठोस सबूत के कार्रवाई नहीं कर सकती।