हाफिज सईद को खतरा बताकर घिरे पाक रक्षा मंत्री, धर्मगुरुओं ने बताया 'भारतीय भोंपू'
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद को देश के लिए ‘गंभीर खतरा’ बताकर पाकिस्तान के राजनीतिक दलों और धर्मगुरुओं के निशाने पर आ गए हैं।
विभिन्न दलों और धर्मगुरुओं ने उनकी निंदा करते हुए उन्हें ‘भारतीय भोंपू’ करार दिया है। रक्षा मंत्री ने रविवार को म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘सईद समाज के लिए गंभीर खतरा हो सकता है।
लिहाजा उसे देश के व्यापक हित में नजरबंद किया गया है।’ रक्षा मंत्री के इस बयान की पाकिस्तान की रक्षा परिषद के चेयरमैन मौलाना समीउल हक ने तीखी आलोचना करते हुए कहा कि ख्वाजा आसिफ को कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा अत्याचार का मसला उठाना चाहिए लेकिन वह जर्मनी में भारत के माउथपीस (भोंपू) बन गए।
बयान पर पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन और रैलियां
इसी तरह शाह बुगती ने कहा कि सईद को नजरबंद किए जाने से कश्मीर को भारत से आजाद करने का संघर्ष कमजोर होगा। जमात ने रक्षा मंत्री के बयान को लेकर मंगलवार को पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन और रैलियां भी निकालीं।
साथ ही संगठन ने मांग की रक्षा मंत्री के बयान पर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को संज्ञान लेना चाहिए। मोहम्मद अतीक ने कहा कि ख्वाजा आसिफ जैसे नेता भारत के तुष्टिकरण के लिए बयान जारी कर रहे हैं।
जमीयत इस्लामी के नेता लियाकत बलूच का कहना था कि आसिफ अपने देश हो या विदेश कहीं भी अपनी जुबान पर काबू रखने में नाकाम हो गए हैं।