{"_id":"5bae54c0867a554efb619e1e","slug":"pak-prime-minister-will-raise-14-billion-donation-for-construction-of-dams","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाक प्रधानमंत्री इमरान बांधों के निर्माण के लिए मांगेंगे 14 अरब डॉलर का चंदा","category":{"title":"Pakistan","title_hn":"पाकिस्तान","slug":"pakistan"}}
पाक प्रधानमंत्री इमरान बांधों के निर्माण के लिए मांगेंगे 14 अरब डॉलर का चंदा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Updated Fri, 28 Sep 2018 09:50 PM IST
विज्ञापन
फेसबुक पोस्ट के जरिये आम लोगों से स्टार्टअप शुरू करने के लिए चंदा मांगना यानी क्राउडफंडिंग बेहद आम बात है। काफी लोग ऐसी कोशिश करते हैं, लेकिन सफलता कम को ही मिल पाती है। ऐसे में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ऐसी ही क्राउडफंडिंग से 14 अरब डॉलर जुटाने की चाहत रखते हैं।
विज्ञापन
इन पैसों से वह नए बांध बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। यदि वह इस क्राउडफंडिंग में सफल हुए तो यह इतिहास की सबसे बड़ी क्राउडफंडिंग होगी। दरअसल, इमरान ने देशवासियों से पैसा दान करने की भावुक अपील की है। उन्होंने टेलीविजन पर कहा, ‘हमारे पास सिर्फ 30 दिन के लिए पानी स्टोर करने की क्षमता है। हमारे ऊपर पहले से ही बेहद कर्ज चढ़ा हुआ है। उसे उतारने में ही मुश्किलें तमाम हैं। ऐसे में हमें खुद बांध बनाने होंगे। हम ऐसा कर सकते हैं।’
विज्ञापन
हालांकि पाकिस्तान के नागरिकों के अलावा विदेशों में बसे पाकिस्तानियों ने इमरान की अपील को समर्थन दिया है। लेकिन 14 अरब डॉलर की रकम बहुत बड़ी है। क्राउडफंडिंग के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड 32 दिन में दो करोड़ डॉलर जुटाने का है।
विज्ञापन
1,000 डॉलर दान करने की अपील
इमरान खान कहते हैं कि यदि विदेशों में बसा हर पाकिस्तानी एक हजार डॉलर दान करे, तो बांध बनाने के लिए पर्याप्त पैसा इकट्ठा हो जाएगा। इस बीच उन्होंने लोगों को आश्वस्त करने वाले लहजे में कहा, ‘मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं आपके पैसे की रक्षा करूंगा।’
योजना ख्याली पुलाव: आलोचक
आलोचक इमरान की इस योजना को ख्याली पुलाव बता रहे हैं। पाकिस्तान के अंग्रेजी अखबार डॉन के वरिष्ठ पत्रकार खलीक कियानी ने कहा, ‘आप क्राउडफंडिंग से 14 अरब डॉलर नहीं जुटा सकते। यह व्यवहारिक नहीं है। ऐसा कोई उदाहरण नहीं है, जब इतनी बड़ी परियोजना के लिए इतनी बड़ी रकम जमा की गई हो।’
रक्षा बजट पर ज्यादा ध्यान
पाकिस्तान सरकार ने 2018-19 के लिए जो बजट पेश किया है, वह कुल 51.06 अरब डॉलर का है। इसमें से करीब 9.25 अरब डॉलर का रक्षा बजट है। ऐसे में आलोचकों ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया है। आलोचकों का कहना है कि रक्षा बजट पर इतनी बड़ी रकम खर्च करने की तैयारी है, लेकिन पानी के हाहाकार के लिए जरूरी पैसा नहीं है।