नवाज का सेना, न्यायपालिका पर हमला, बोले- क्या आप क्रांति के लिए तैयार हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का कारवां शनिवार को गुजरांवाला से लाहौर के लिए कूच कर गया। यहां उन्होंने अपने भाषण में पाक सेना और सुप्रीम कोर्ट के जजों पर आग उगलते हुए कहा कि क्या आप एक क्रांति के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि - ‘सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें अयोग्य ठहराए जाने के फैसले के चलते पाकिस्तान पूरी दुनिया में शर्मसार हो रहा है। पाकिस्तान और पूरी दुनिया के लोगों ने इस फैसले को खारिज कर दिया है।’
न्यायपालिका पर हमला करते हुए शरीफ ने कहा - ‘कुछ लोगों को देश के बीस करोड़ लोगों पर शासन की इजाजत नहीं दी जा सकती।’ इस्लामाबाद से 9 अगस्त को शुरू उनकी घर वापसी रैली का यह चौथा व अंतिम दिन था। लाहौर से पहले शरीफ का कारवां कुछ देर के लिए जब मुरीदके पहुंचा तो हजारों समर्थकों ने रैली का स्वागत किया।
यहां सियालकोट से भी विदेशमंत्री ख्वाजा आसिफ के नेतृत्व में समर्थक आए थे। नवाज शरीफ ने मुरीदके में संबोधित करते हुए पाक सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन पर भ्रष्टाचार संबंधी मामले में दिए गए फैसले के प्रति नाराजगी दिखाई।
अयोग्य ठहराए जाने के फैसले को मजाक बताया
उन्होंने कहा कि - ‘पूरी दुनिया पाकिस्तान पर हंस रही है, मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता हूं। क्या आप क्रांति में मेरे साथ होंगे। मेरी अपील है कि मेरा संदेश जब आप तक पहुंचे तब आप मेरे साथ खड़े हों आप अपने उत्साह को मरने नहीं दें।
क्या आप मुझे मेरे साथ खड़े रहने का वचन देंगे।’ समर्थकों ने उनके साथ खड़े होने का वचन भी दिया। पाक सेना और न्यायपालिका के संदर्भ में नवाज शरीफ ने कहा कि - ‘पाकिस्तान सिर्फ कुछ लोगों की संपत्ति नहीं है।’
उन्होंने कहा कि - ‘मुझे अयोग्य ठहराने का फैसला आप लोगों का नहीं था।’ नवाज शरीफ ने कहा कि अगर आप मानते हैं कि मैं भ्रष्टाचार में शामिल हूं तो आप मुझे दफ्तर से खदेड़ सकते हैं।
शरीफ ने उनके और उनके परिवार के खिलाफ पनामागेट मामले में फैसला करने वाले पांच जजों को निशाना बनाते हुए कहा कि - ‘कुछ लोग पाकिस्तान के विकास के खिलाफ थे जिन्होंने आपके चुने हुए प्रधानमंत्री को पद से हटाने की कोशिश की।’
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री पद से हटाने की साजिशें तीन साल पहले से शुरू कर दी गई थीं। शरीफ ने उन्हें पीएम पद से ‘अयोग्य’ ठहराए जाने के फैसले को ‘मजाक’ बताया और भरोसा जताया कि चौथी बार भी देश के प्रधानमंत्री वही बनेंगे।
शरीफ ने कहा कि उन्हें अयोग्य ठहराने वाले न्यायाधीश उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी उदाहरण देने में नाकाम साबित हुए हैं।