पाकिस्तान चुनावों में धांधली पर जांच के आदेश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पिछले साल हुए आम चुनाव में धांधली के आरोपों की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित करने की घोषणा की है।
मंगलवार रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए शरीफ ने तीन सदस्यीय इस आयोग के गठन की घोषणा की।
उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से आयोग के गठन का अनुरोध किया जो धांधली के आरोपों की पूरी जांच के बाद अपनी अंतिम राय दे।
इमरान ने लगाए थे धांधली के आरोप
पाकिस्तान तहरीक इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान ने पिछले साल हुए आम चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए नवाज शरीफ की सरकार के खिलाफ चौदह अगस्त को स्वतंत्रता मार्च की घोषणा कर रखी है और इस्लामाबाद में वो एक बड़ी रैली करने वाले हैं।
इमरान खान की मांग है कि सरकार संसद को भंग करे और चुनाव में धाँधली की जांच के लिए आयोग का गठन किया जाए।
लेकिन सरकार ने उनकी इस रैली से दो दिन पहले ही आयोग के गठन की घोषणा कर दी है।