पाकिस्तान में बम धमाका, 20 मरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान एक बार फिर बम धमाके से दहल गया। ये धमाका राजधानी इस्लामाबाद के बाहरी इलाके में हुआ। जिसमें करीब 20 लोगों की मौत हुई है जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार अधिक तीव्रता वाला यह बम धमाका बुधवार सुबह फल एवं सब्जी बाज़ार में हुआ। पाकिस्तानी तालिबान के एक प्रवक्ता ने इसमें शामिल होने से इन्कार किया है। किसी अन्य चरमपंथी समूह ने भी हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। सरकार और पाकिस्तानी तालिबान के बीच फिलहाल संघर्ष विराम चल रहा है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने इस धमाके की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह देश को अस्थिर करने की कोशिश है लेकिन सरकार शांति के प्रयास जारी रखेगी। इस धमाके से ठीक एक दिन पहले ही बलूचिस्तान प्रांत में अलगाववादियों द्वारा एक बम धमाका किया था। जिसमें 13 लोग मारे गए थे।
भीड़ भरे बाजार में हुआ धमाका
धमाके के बाद घटनास्थल पर मौजूद समाचार एजेंसी एएफपी के एक संवाददाता ने बताया कि विस्फोट से पांच फुट चौड़ा गड्ढा बन गया था। जिसमें लोगों के क्षत-विक्षत अंग पड़े हुए थे। फल और सब्जी बाज़ार में ख़रीदारों और विक्रेताओं के इकट्ठे होने से सुबह का समय बेहद व्यस्त होता है।
स्थानीय संवाददाताओं ने बताया कि विस्फोटकों को फल के डिब्बों में छिपाया गया था, हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। बीबीसी संवाददाता माइक वुल्ड्रिग ने कहा कि यदि पिछले महीने कोर्ट परिसर में हमले की घटना को छोड़ दिया जाए तो हाल के समय में पाकिस्तानी राजधानी में अपेक्षाकृत शांति रही है। उस हमले में 11 लोग मारे गए थे।
पाकिस्तानी तालिबान से अलग हुए एक गुट ने इसकी ज़िम्मेदारी ली थी। माइक के अनुसार, ताज़ा हमले में जितनी संख्या में लोग मारे गए हैं, उस देखते हुए कहा जा सकता है कि 2008 में राजधानी के मैरियट होटल में हुए हमले के बाद से यह सबसे बड़ा घातक हमला है।