भारत के लिए ये है प्लान अलकायदा!
अल कायदा के नेता अयमन अल जवाहिरी ने भारतीय उपमहाद्वीप में अपने संगठन की शाखा के गठन की घोषणा की है। इस संगठन का नाम होगा क़ायदात अल जिहाद।
इस शाखा की कमान एक पाकिस्तानी चरमपंथी आसिम उमर को दी गई है।
अपने 55 मिनट के वीडियो संदेश में जवाहिरी ने कहा कि अल क़ायदा की ये शाखा क्षेत्र में मुस्लिम आबादी को बांटने वाली बनावटी सीमाओं को नष्ट कर देगी।
भारतीय उपमहाद्वीप में अपनी शाखा की घोषणा करते हुए कहा कि आज इसका गठन नहीं हुआ है बल्कि दो साल से मुजाहिदीनों को एकजुट करने की कोशिश का ये नतीजा है।
दुनियाभर में इस्लामिक स्टेट अल क़ायदा को चुनौती दे रहा है।
जवाहिरी का वीडियो संदेश
जवाहिरी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "भारतीय उपमहाद्वीप में नई शाखा का गठन म्यांमार, बांग्लादेश और भारतीय राज्य असम, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुसलमानों के लिए अच्छी ख़बर है, जहां उन्हें अन्याय और प्रताड़ना से छुटकारा दिलाया जाएगा।"
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि ये इराक़ और सीरिया में सक्रिय इस्लामिक स्टेट के बढ़ते प्रभाव और चुनौती को कम करने की अल क़ायदा की कोशिश हो सकती है।
आतंकवाद निरोधक विशेषज्ञों का कहना है कि अल क़ायदा नेतृत्व लोगों को लुभाने के लिए इस्लामिक स्टेट से होड़ कर रहा है। ख़ास उस स्थिति में जब मध्य पूर्व में इस्लामिक स्टेट युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
इस्लामिक स्टेट के नेता अबू बकर अल बग़दादी ने अपने को खलीफा घोषित करते हुए दुनियाभर के मुसलमानों से समर्थन मांगा था।
वर्ष 2011 में ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद ज़वाहिरी अल क़ायदा का नेतृत्व कर रहे हैं।