पाकिस्तान: बाढ में 181 मरे, हजारों बेघर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में भारी बारिश, नदियों में उफान के चलते आई बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 181 लोग मारे गए हैं और 343 घायल हुए हैं।
पाकिस्तान के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी अहमद कमाल ने बीबीसी उर्दू सेवा के जीशान जफर के बताया कि पंजाब में 101, पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में 62 और गिलगिट क्षेत्र में भी कई लोग मारे गए हैं।
प्राकृतिक आपदा से निपटने में लगी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अब तक 28 हजार लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 16 हजार लोग बेघर हुए हैं। पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की सरकार के मुताबिक इस विपदा में लगभग 600 करोड रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में 120 मकान ध्वस्त होने की पुष्टि हुई है जबकि सरकारी अधिकारियों को आशंका है कि क्षतिग्रस्त मकानों की संख्या खासी बढ सकती है।
नीलम और झेलम नदियों का मुख्य उद्गम कश्मीर से है। इस बार की बाढ अधिक विनाशकारी है।
पाक प्रधानमंत्री ने भी किया दौरा
इससे पहले 2010 में नीलम में इस तरह के हालात बने थे। और उससे भी पहले 1992 में नीलम में ऐसी बाढ देखी गई थी।
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के अधिकारियों का कहना है कि नीलम, झेलम और पुंछ में इस बार के हालात 1992 जैसे हैं और इन नदियों का जल स्तर 1992 जैसा ही है।
जहां तक मौसम की बात है तो पिछले दो दिन से बारिश रुकी हुई है। नदियों में भी पानी का स्तर लगातार घटता जा रहा है। लेकिन नीलम, झेलम और पुंछ का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर है।
पाक प्रशासित कश्मीर के प्रधानमंत्री ने बाढ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी किया है। जहां तक विस्थापितों के पुनर्वास का सवाल है, विस्थापितों के लिए सरकार ने अभी पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं।
अभी तक सिर्फ 700 लोगों के लिए ही पुनर्वास शिविर बनाया गया है। जहां तक भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पाकिस्तान के बाढ प्रभावित क्षेत्रों में मदद की पहल का सवाल है तो उस पर पाक प्रशासित कश्मीर की सरकार ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।