{"_id":"647512cc8097ab006301d696","slug":"pakistan-joint-investigation-team-summons-imran-khan-in-jinnah-house-attack-case-latest-news-update-2023-05-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pakistan: जिन्ना हाउस पर हमला मामले में इमरान खान की मुश्किल बढ़ी, जेआईटी ने आज पूछताछ के लिए बुलाया","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Pakistan: जिन्ना हाउस पर हमला मामले में इमरान खान की मुश्किल बढ़ी, जेआईटी ने आज पूछताछ के लिए बुलाया
Tue, 30 May 2023 05:09 PM IST
गुलाम अहमद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लाहौर
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लाहौर
Published by: गुलाम अहमद
Updated Tue, 30 May 2023 05:09 PM IST
सार
नौ मई को हुई हिंसक घटनाओं की जांच के लिए गठित संयुक्त जांच दल (जेआईटी) ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पूछताछ के लिए तलब किया है। जेआईटी लाहौर में जिन्ना हाउस पर हमला मामले में इमरान खान की भूमिका की जांच कर रहा है।
विज्ञापन
Imran Khan
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लाहौर में नौ मई को जिन्ना हाउस पर हुए हमला मामले में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान की मुसीबत बढ़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिन्ना हाउस (कोर कमांडर आवास) और सैन्य टॉवर में हिंसा और आगजनी की घटनाओं की जांच के लिए गठित संयुक्त जांच दल (जेआईटी) ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को आज पूछताछ के लिए तलब किया है।
विज्ञापन
पाक मीडिया के मुताबिक, डीआईजी कामरान आदिल की अध्यक्षता वाली जेआईटी ने इमरान खान को लाहौर के किला गुज्जर सिंह स्थित डीआईजी जांच कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। नौ मई को हुई आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री से पूछताछ की जाएगी।
विज्ञापन
बता दें, जेआईटी नौ मई की घटनाओं में इमरान खान की भूमिका की जांच कर रही है। पंजाब सरकार ने हिंसा की घटनाओं से संबंधित मामलों की जांच के लिए दस अलग-अलग जेआईटी का गठन किया है। हिंसक घटनाओं के संबंध में विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों में इमरान खान का भी नाम शामिल है और खान की संलिप्तता के आरोप लगाए गए हैं।
विज्ञापन
इमरान खान को नौ मई को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया गया था। खान की गिरफ्तारी के बाद पीटीआई कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, कराची, गुजरांवाला, फैसलाबाद, मुल्तान और पेशावर सहित देशभर के शहरों में हिंसक विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान इमरान खान के समर्थकों ने सैन्य प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। बाद में पाक सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को जामनत पर रिहा करने का आदेश दिया था। फिलहाल खान को दो जून तक गिरफ्तारी से संरक्षण मिला हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि जेआईटी का नोटिस मिलने के बाद इमरान खान ने अपनी कानूनी टीम के साथ परामर्श किया, लेकिन अभी यह तय नहीं हो सका कि पीटीआई अध्यक्ष जांच दल के सामने पेश होंगे या नहीं।
पूर्व पीटीआई सांसद समेत 16 पर सैन्य ट्रायल की मंजूरी
इससे पहले, आतंकवाद-रोधी अदालत ने जिन्ना हाउस में तोड़फोड़ में शामिल पूर्व पीटीआई सांसद समेत 16 संदिग्धों को कमांडिंग ऑफिसर को सौंपने की अनुमति दी थी, ताकि उन पर सैन्य कानूनों के तहत मुकदमा चलाया जा सके। नौ मई की हिंसक घटनाओं के बाद इन्हें गिरफ्तार किया गया था। हमले के संबंध में दायर दो अलग-अलग मामलों में इनके नाम दर्ज है।
इमरान खान समर्थक पाकिस्तानी टीवी पत्रकार वापस लौटा
इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को समर्थन देने के कारण पिछले सप्ताह लापता हुआ एक टीवी पत्रकार मंगलवार को स्वदेश लौट आया। उसके परिवार ने इस बारे में जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक, टीवी पत्रकार सामी अब्राहिम पिछले गुरुवार को लापता हो गया था। घटना तब हुई थी जब वह इस्लामाबाद में काम से घर लौट रहा था। उस समय चार वाहनों में आठ लोगों ने उसकी कार को रोक लिया था। उसके परिवार और बीओएल टीवी ने घटना के बाद इसकी जानकारी दी थी।
अब्राहिम के वापस लौटने पर उसकी बेटी जैनब सामी ने ट्वीट कर इस खुशखबरी को साझा किया। उसने अपने ट्वीट में बताया कि उसके पिता सुरक्षित घर पहुंच गए हैं। साथ ही अपनी पोस्ट में जैनब ने उन सभी लोगों को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने इस खबर को फैलाने में मदद की थी।
हालांकि अब्राहिम के अपहरण की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन यह कहा जा रहा है कि इसके पीछे देश की सुरक्षा एजेंसियों का हाथ है। एजेंसियों ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष खान का समर्थन करने के संबंध में इसे अंजाम दिया था।