US: भारतीय छात्रा की मौत पर अमेरिका में आक्रोश; बाइडन प्रशासन ने दिया तत्काल कार्रवाई और जांच का आश्वासन
US: सिएटल में भारतीय छात्रा की मौत को लेकर बाइडन प्रशासन ने भारत सरकार को आश्वासन दिया है कि इसकी तत्काल जांच की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिएटल में तेज गति से आ रही पुलिस की गश्ती कार की चपेट में आने से इस साल जनवरी में भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर बाइडन प्रशासन ने भारत सरकार को आश्वासन दिया है कि इसकी तत्काल जांच की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने वाशिंगटन में उच्चतम स्तर पर इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया और कंडुला की हत्या तथा वाशिंगटन राज्य के सिएटल में पुलिस अधिकारी के अत्यधिक असंवेदनशील व्यवहार पर त्वरित कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद अमेरिकी सरकार हरकत में आई।
कंडुला (23 वर्षीय ) की जनवरी में उस समय मौत हो गई थी जब अधिकारी केविन डेव द्वारा चलाए जा रहे एक पुलिस वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सिएटल टाइम्स अखबार ने सोमवार को खबर दी कि ओवरडोज की रिपोर्ट के बाद वह रास्ते में 74 मील प्रति घंटे (119 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक) की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था।
कंडुला क्रॉसवॉक में थी और 23 जनवरी को जब पुलिस की गश्ती कार ने उसे टक्कर मारी तो वह उछलकर सौ फीट दूर जा गिरी। सिएटल पुलिस विभाग द्वारा सोमवार को जारी फुटेज में अधिकारी डैनियल ऑडरर इस भयावह दुर्घटना के बारे में हंसते हुए कहते नजर आए कि डेव की गलती हो सकती है या आपराधिक जांच आवश्यक है।
अमेरिकी सांसदों और भारतीय-अमेरिकियों ने कंडुला की मौत पर आक्रोश व्यक्त किया है। बाइडन प्रशासन ने भारत सरकार को घटना की त्वरित जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को न्याय के कटघरे में लाने का आश्वासन दिया है।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने राजदूत और भारत सरकार को आश्वासन दिया कि उन्होंने पूरी घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। वे वाशिंगटन डीसी से इसकी जांच की निगरानी कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पर्याप्त जवाबदेही हो।