Charles III: ब्रिटेन के नए राजा के रूप में किंग चार्ल्स III की ताजपोशी, महारानी एलिजाबेथ को याद कर हुए भावुक
सेंट जेम्स पैलेस में परिग्रहण परिषद की बैठक में किंग चार्ल्स III को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में घोषित किया गया। गुरुवार को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद बाद चार्ल्स III ब्रिटेन के नए राजा बन गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महारानी एलिजाबेथ के बाद आधिकारिक रूप से आज ब्रिटेन को अपना नया सम्राट मिल गया है। शनिवार को सेंट जेम्स पैलेस में परिग्रहण परिषद की बैठक में प्रिवी काउंसिल ने किंग चार्ल्स III को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में घोषित किया गया। इस मौके पर एक एतिहासिक समारोह आयोजित करके किंग चार्ल्स III की ताजपोशी की गई। इस मौके पर नया सम्राट बनाए जाने से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरीं की गईं। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में क्वीन कैमिला, प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम, पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन और वर्तमान प्रधानमंत्री लिज ट्रस भी मौजूद रहीं।
#WATCH | #KingCharlesIII proclaimed Britain's new monarch at the Accession Council at St James's Palace in London, the UK.
विज्ञापन
Queen Consort Camilla, Prince of Wales William, PM Liz Truss and others in attendance.
(Source: Reuters) pic.twitter.com/hYoBlwIDFB — ANI (@ANI) September 10, 2022
नई जिम्मेदारियों के साथ मेरा जीवन बदल जाएगा
किंग चार्ल्स-3 ने लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में अपने संबोधन के दौरान कहा, मैं आज आपसे बहुत दुखी मन के साथ बात कर रहा हूं। पूरी जिंदगी महारानी और मेरी प्यारी मां, मेरे तथा मेरे पूरे परिवार के लिए प्रेरणास्रोत और मिसाल रहीं। हम उनके प्यार, लगाव, मार्गदर्शन, समझ और मिसाल बनने के लिए उनके दिल से कर्जदार हैं जैसा कि कोई भी परिवार अपनी मां के लिए होता है। हमें उनके जाने पर गहरा दुख है। मैं आपसे उसी आजीवन सेवा का वादा करता हूं। मैं संकल्प लेता हूं कि जीवनभर निष्ठा, सम्मान और प्यार के साथ आपकी सेवा करने की कोशिश करूंगा। नई जिम्मेदारियों के साथ मेरा जीवन भी बदल जाएगा। मैं दान और उन दूसरे कार्यों को बहुत ज्यादा समय और ऊर्जा नहीं दे सकूंगा। लेकिन, मैं जानता हूं कि ये महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दूसरे भरोसेमंद हाथों में जाएगी। ये मेरे परिवार के लिए भी बदलाव का समय है। मैं अपनी प्यारी पत्नी कैमिला की प्यार भरी मदद पर भरोसा करता हूं।
ब्रिटेन के लंदन में सेंट जेम्स पैलेस में परिग्रहण परिषद और प्रधान उद्घोषणा करते हुए किंग चार्ल्स तृतीय ने कहा कि मेरी प्यारी मां और रानी के निधन की घोषणा करना मेरा दुखद कर्तव्य है। मुझे पता है कि हम सभी की अपूरणीय क्षति हुई है और आप इस क्षति में मेरे साथ कितनी गहरी सहानुभूति रखते हैं। इस दौरान किंग चार्ल्स ने घोषणा करते हुए कहा कि उनकी मां एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार वाले दिन ब्रिटेन में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। हालांकि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार की तारीख का एलान अभी नहीं किया गया है। उन्होंने इस मौके पर वो भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वे अपनी मां को खोने से दुखी हैं, लेकिन वे अपनी मां की तरह देश सेवा करते रहेंगे।
सियासी मामलों में टिप्पणी नहीं कर सकेंगे किंग
किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी के साथ ही ब्रिटेन में एक युग का आगाज हो गया है। अब ब्रिटेन में काफी कुछ बदल गया है। ब्रिटेन का राष्ट्रगान बदलेगा और इसके साथ ही अब प्रिंस ऑफ वेल्स भी बदल जाएगा। अब किंग चार्ल्स-3 राजनीतिक मामलों में अपनी कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे। ब्रिटेन के नए सम्राट किंग चार्ल्स को अब वोटर कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं होगी।
प्रिंस हैरी, मेगन ने महारानी को पुष्पांजलि अर्पित की
प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने शनिवार को विंडसर कैसल में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट भी उनके साथ थीं। दोनों दंपति ने महारानी के सम्मान में लोगों की ओर से अर्पि किए गए गुलदस्तों पर लिखे संदेश भी पढ़े। महारानी के निधन के बाद दोनों दंपति पहली बार एक साथ दिखें हैं।
73 वर्ष के हैं चार्ल्स
प्रिंस चार्ल्स का पूरा नाम चार्ल्स फिलिप आर्थर जॉर्ज है जो प्रिंस फिलिप और एलिजाबेथ द्वितीय के बड़े बेटे हैं। चार्ल्स का जन्म 14 नवंबर 1948, बकिंघम पैलेस में हुआ था। चार्ल्स ने 29 जुलाई, 1981 को लेडी डायना स्पेंसर से शादी की थी। दोनों के दो बेटे विलियम और हैरी हैं। 1996 में चार्ल्स और डायना दोनों अलग हो गए थे। 1997 में पेरिस में हुए एक कार हादसे में प्रिंसेस ऑफ वेल्स डायना की मौत हो गई। बाद में नौ अप्रैल, 2005 को चार्ल्स ने कैमिला पार्कर से शादी कर ली थी। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद चार्ल्स को राजा घोषित कर दिया गया है। चार्ल्स अभी 73 वर्ष के हैं। चार्ल्स के राजा बनने के बाद उनके बड़े बेटे ड्यूक ऑफ कैंब्रिज प्रिंस विलियम अब वेल्स के राजकुमार कहलाएंगे।
यहां से की चार्ल्स ने पढ़ाई
चार्ल्स ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वेस्ट लंदन के हिल हाउस स्कूल में प्राप्त की। हैम्पशायर और स्कॉटलैंड में निजी स्कूली शिक्षा के बाद चार्ल्स ने 1967 में कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में प्रवेश लिया। उन्होंने 1971 में वहां स्नातक की डिग्री ली। जहां उन्होंने मानव विज्ञान, पुरातत्व और इतिहास की पढ़ाई की, कनाडा में जन्मे प्रोफेसर जॉन कोल्स उनके अनुशिक्षक थे।
कला में स्नातक की डिग्री हासिल की
23 जून 1970 को उन्होंने कला में स्नातक की डिग्री हासिल की और विश्वविद्यालय की डिग्री प्राप्त करने वाले शाही परिवार के वे तीसरे सदस्य बने। इसके बाद 2 अगस्त 1975 को विश्वविद्यालय के परंपरा के अनुसार उन्हें कैम्ब्रिज से कला में स्नातकोत्तर की डिग्री से सम्मानित किया गया। इसके बाद चार्ल्स ने ओल्ड कॉलेज (एबेरिस्टवेथ में स्थित वेल्स विश्वविद्यालय का एक हिस्सा) में भी दाखिला लिया, जहां उन्होंने वेल्स भाषा और वेल्स इतिहास का अध्ययन किया। वे वेल्स के ऐसे पहले युवराज थे, जिनका जन्म वेल्स से बाहर होने के बावजूद उन्होंने रियासत की भाषा सीखने का प्रयास किया।
राजा को मिलीं शक्तियां
महारानी एलिजाबेथ ब्रिटेन के अलावा 14 कॉमनवेल्थ देशों की भी महारानी थीं। अब किंग चार्ल्स इन देशों के राजा हैं। अब राजा के पास देश में सरकार की नियुक्ति को लेकर शक्तियां हैं। आम चुनाव जीतने वाली पार्टी के नेता को आमतौर पर बकिंघम पैलेस बुलाया जाता है, जहां उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया जाता है। वहीं पहले रानी दूसरे देशों के मेहमान राष्ट्राध्यक्षों की मेजबानी करती थीं। अब उनकी जगह अब किंग चार्ल्स III यानी चार्ल्स फिलिप आर्थर जॉर्ज करेंगे।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 25 साल की उम्र में संभाला था सिंहासन
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 6 फरवरी 1952 को पिता किंग जॉर्ज की मौत के बाद ब्रिटेन का शासन संभाला था। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 25 साल थी। तब से 70 साल तक उन्होंने शासन किया।
पीएम मोदी ने फोन पर की लिज ट्रस से बात
पीएम मोदी ने ब्रिटेन की नव नियुक्त पीएम लिज ट्रस से फोन पर बात की है। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर दुख जताया है। वहीं, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शोक जताया है।
ब्रिटेन की पीएम लिज ट्रस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात कर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर भारतवासियों की ओर से शोक जताने के लिए उनका आभार जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने महारानी के जीवन काल की सेवा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी और ट्रस ने दोनों देशों के बीच संबंधों के महत्व और निकट भविष्य में संभावित व्यक्तिगत मुलाकात पर भी बात की। रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
- मोदी ने पीएम पद संभालने पर ट्रस को बधाई देते हुए उनकी पिछली भूमिकाओं में भारत-ब्रिटेन संबंधों में उनके योगदान की सराहना की। इसके अलावा रोडमैप 2030 के कार्यान्वयन में प्रगति, एफटीए वार्ता, रक्षा-सुरक्षा सहयोग और नागरिकों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय हित के मुद्दों पर चर्चा की।