जो बिडेन ने लगाया आरोप, राष्ट्रपति चुनाव में दखल की कोशिश कर रहे रूस और चीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के संभावित उम्मीदवार जो बिडेन ने कहा है कि उन्हें मिली खुफिया सूचना के मुताबिक रूस, चीन और अन्य शत्रु देश नवंबर में होने वाले चुनावों में दखल की कोशिश कर रहे हैं। बिडेन ने निधि जुटाने के लिए एक डिजिटल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
हालांकि राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटक दावेदार बिडेन ने किसी तरह का कोई सबूत या सटीक जानकारी नहीं दी है लेकिन कहा, ‘मैं अब जानता हूं कि क्योंकि मुझे फिर से गोपनीय सूचना मिल रही है। रूस अब भी इसमें लगा हुआ है। वह हमारी चुनाव प्रक्रिया में दखल देने की कोशिश कर रहा है।’
उन्होंने कहा, ‘चीन और अन्य देश भी इसमें लगे हुए हैं।’ इस बीच, व्हाइट हाउस या राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने बिडेन के बयान पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन बिडेन ने आरोप लगाया कि ट्रंप डाक विभाग का वित्त पोषण रोकने की कोशिश कर सकते हैं ताकि वे मतपत्रों से चुनाव न करा सकें।
सर्वेक्षण में बिडेन हैं ट्रंप से आगे
अमेरिका में नवंबर में होने जा रही चुनावी प्रक्रिया से पहले कराए गए ताजा सर्वेक्षण में ट्रंप के मुकाबले डेमोक्रेटिक पार्टी के उनके प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन आठ प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ आगे चल रहे हैं। इसे लेकर ट्रंप अपना चुनाव अभियान संभालने वाले मुख्य अधिकारी को भी बदल चुके हैं। जबकि बिडेन अब भी बढ़त बनाए हुए हैं।
चुनावी मुद्दों में शामिल है चीन
अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में इस बार कोरोना महामारी और अश्वेत हिंसा के अलावा चीन भी एक बड़ा मुद्दा है। एक तरफ, रिपब्लिकन पार्टी द्वारा चीन के खिलाफ मुहिम छेड़कर बाजी को अपने हाथों में लेने की कोशिशें जारी हैं तो दूसरी तरफ डेमोक्रेटिक पार्टी भी हांगकांग में चीन द्वारा लागू सुरक्षा कानून को लेकर विरोधी रुख अपनाए हुए है।