Israel War: नेतन्याहू ने युद्ध जल्द खत्म होने की अटकलों को किया खारिज, चार दिन में 17 इस्राइली सैनिकों की मौत
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि गाजा युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। हम अंतिम लक्ष्य हासिल करने तक नहीं रुकेंगे। इस्राइली सेना के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार से गाजा पट्टी में संघर्ष के दौरान इस्राइल के 17 सैनिक मारे गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस्राइली सेना ने गाजा में सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। इस बीच इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि उनकी सरकार गाजा में युद्ध खत्म करने का आह्वान कर सकती है। नेतन्याहू ने कहा कि गाजा युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। हम अंतिम लक्ष्य हासिल करने तक नहीं रुकेंगे। इधर, इस्राइल के बजट योजनाकारों ने कहा कि युद्ध फरवरी तक चल सकता है, जिससे घाटा बढ़ेगा और करीब 1.4 करोड़ डॉलर खर्च होंगे। इस्राइली वित्त मंत्रालय ने बताया कि जीडीपी का बजट घाटा 2.25% के लक्ष्य से बढ़कर 5.9% हो जाएगा।
वहीं, इस्राइल की मीडिया ने दावा किया है कि गाजा में युद्ध होने के बाद से अमेरिका ने सैन्य हथियारों और उपकरणों से भरे 230 मालवाहक विमान और 20 जहाज इस्राइल भेजे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस सैन्य सहायता में तोपखाने गोला-बारूद, बख्तरबंद वाहन और सैनिकों के लिए आवश्यक लड़ाकू उपकरण शामिल हैं। रिपोर्ट में एक रक्षा अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि युद्ध की शुरुआत में ही इस्राइली सेना के गोदामों में जमा अधिकांश गोला-बारूद खत्म हो गए थे।
चार दिन में इस्राइल के 17 सैनिकों की मौत
इस्राइली सेना के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार से गाजा पट्टी में संघर्ष के दौरान इस्राइल के 17 सैनिक मारे गए हैं। इस्राइली सेना ने सोमवार को गाजा में दो सैनिकों के मारे जाने की जानकारी दी। सात अक्तूबर को हमास के हमले बाद से अब तक इस्राइल के कुल 489 सैनिकों की मौत हुई है, जिनमें से सेना द्वारा जमीनी आक्रमण शुरू करने के बाद से 157 सैनिक मारे गए हैं।
गाजा में 11 सप्ताह का सबसे घातक हवाई हमला
गाजा में हमास के साथ 11 सप्ताह पुरानी लड़ाई में इस्राइली सेना से देर रात से जारी हवाई हमलों में सोमवार को 106 फलस्तीनियों की जान ले ली। इस्राइली सेना ने मध्य गाजा में अल-बुरेज के विरुद्ध हवाई-जमीनी हमले बढ़ाए। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-किद्रा ने कहा कि मध्य गाजा में इस्राइली हवाई हमले में मघाजी को निशाना बनाया गया, जिसमें 78 लोग मारे गए। इस्राइली विमानों-टैंकों ने अल-बुरेज और पास के अल-नुसीरत तथा अल-मगाजी में घर-सड़कें दर्जनों हवाई हमले कर तबाह कर दिए। उधर, खान यूनिस में इस्राइली हवाई हमलों में आठ नागरिक मारे गए।
मिस्र का युद्ध खत्म करने का प्रस्ताव
मिस्र ने युद्धविराम, चरणबद्ध बंधक रिहाई और विशेषज्ञों की एक फलस्तीनी सरकार के गठन का प्रारंभिक प्रस्ताव रखा है। यह सरकार गाजा पट्टी और कब्जे वाले वेस्ट बैंक का प्रशासन करेगी। मिस्र का कतर के साथ तैयार यह प्रस्ताव इस्राइल, हमास, अमेरिका और यूरोपीय सरकारों को भी बताया गया है। प्रस्ताव में दो सप्ताह तक युद्धविराम में फलस्तीन से 40-50 बंधकों की मुक्ति, बदले में इस्राइली जेलों में बंद 120-150 फलस्तीनी कैदियों की रिहाई शामिल है।
प्रस्ताव पर अमल मुश्किल
मिस्र के प्रस्ताव में इस्राइली सेना की वापसी व हमास के इस्राइल में रॉकेट हमले रोकने का प्रस्ताव भी शामिल है। लेकिन यह प्रारंभिक है, क्योंकि यह हमास को पूरी तरह से कुचलने के इस्राइल के घोषित लक्ष्य से कम है और युद्ध के बाद गाजा पर सैन्य नियंत्रण के इस्राइली आग्रह को पूरा नहीं करेगा। इसलिए प्रस्ताव पर अमल मुश्किल है।
सड़कें तबाह कर रहे इस्राइली
फलस्तीनी रेड क्रिसेंट ने घायल निवासियों को अस्पतालों में ले जाने के फ़ुटेज प्रकाशित किए हैं। इसमें कहा गया है कि इस्राइली युद्धक विमान मुख्य सड़कों पर बमबारी कर उन्हें तबाह कर रहे हैं, जिससे एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों के मार्ग में बाधा आ रही है। इसके चलते कई घायल अस्पतालों तक पहुंचने या घायलों तक अस्पताल कर्मियों के पहुंचने में बाधा पैदा हो रही है और मृतक संख्या बढ़ रही है। घायलों का इलाज संभव नहीं हो पा रहा है।
यीशु की जन्मस्थली पर होने वाला जश्न रद्द
ईसाई परंपरा के मुताबिक प्रभु यीशु का जन्म 2,000 वर्ष पूर्व इस्राइली कब्जे वाले फलस्तीनी वेस्ट बैंक के बेथलेहम शहर में एक अस्तबल के भीतर हुआ था। इसलिए यहां क्रिसमस पर विशेष जश्न मनाया जाता है। लेकिन पोप ने यहां होने वाले समारोह को रद्द कर दिया। फलस्तीन के ईसाइयों ने जश्न मनाने के बजाय गाजा में शांति के लिए प्रार्थना की और बेथलेहम में ईसा मसीह के बाल स्वरूप को दर्शाकर क्रिसमस मनाया गया।