Donald Trump: 'ईरान को 60 दिन का अल्टीमेटम दिया था, अब भी समय है...'; परमाणु समझौते को लेकर ट्रंप ने दी धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईरान पर इस्राइल के व्यापक हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु समझौते को लेकर ईरान पर फिर दबाव बनाने की कोशिश की। उन्होंने इस्राइली हमले के लिए खुद ईरान को ही जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए वार्ता में अमेरिकी चेतावनी का विरोध करने का खामियाजा भुगता है। इस्राइल की कार्रवाई को बहुत बढिया करार देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि हमने ईरान के नेताओं को बहुत समझाया लेकिन वे नहीं माने।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने शुरू में इस्राइली हमले को टालने की कोशिश की थी। जिससे कि ईरान को कूटनीति और वार्ता के लिए पर्याप्त समय मिल सके। हालांकि उन्होंने धमकी भरे अंदाज में यह भी कहा कि उन्होंने तेहरान को 60 दिन का अल्टीमेटम दिया था और आज 61वां दिन था।
परमाणु वार्ता को आगे बढ़ाने की अभी भी उम्मीद
आगे ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान के साथ परमाणु वार्ता को आगे बढ़ाने की अभी भी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन रविवार को ओमान में होने वाली वार्ता के लिए योजना के अनुसार आगे बढ़ेगा, लेकिन इस्राइल के बड़े हमले के बाद उन्हें संदेह है कि ईरान इसमें भाग लेगा। गौरतलब है कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ 15 जून को ईरानी प्रतिनिधिमंडल से मिलने वाले हैं।
अभी और भी बहुत कुछ आना बाकी- ट्रंप
ईरान पर इस्राइल के हमले के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर लिखा, मुझे लगता है कि यह बहुत बढ़िया रहा। हमने उन्हें एक मौका दिया और उन्होंने इसका फायदा नहीं उठाया। उन्हें भी उतनी ही मार पड़ी जितनी आपको पड़ने वाली है। और अभी और भी बहुत कुछ आना बाकी है। और भी बहुत कुछ। अभी भी उनके पास शायद दूसरा मौका है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले ही बहुत मौतें और विनाश हो चुका है, लेकिन इस नरसंहार को समाप्त करने के लिए अभी भी समय है, साथ ही पहले से ही योजनाबद्ध अगले हमले और भी अधिक क्रूर होंगे। ईरान को एक समझौता करना चाहिए, इससे पहले कि कुछ भी न बचे।
वहीं, इस्राइली हमले के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से बैठक बुलाने का आग्रह किया है। सुरक्षा परिषद को लिखे पत्र में ईरान ने कहा कि वह इस्राइल के गैरकानूनी और कायरतापूर्ण कार्य का निर्णायक और उसी अनुपात में जवाब देगा। वहीं, ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए उन इस्राइली रिपोर्टों का खंडन किया, जिसमें कहा गया है कि तेहरान ने इस्राइल पर ड्रोन से हमला किया। एजेंसी ने कहा कि ईरान निकट भविष्य में जवाबी कार्रवाई करेगा। वहीं, ईरान के नूरन्यूज ने कहा कि तेहरान के रिहायशी इलाकों में इस्राइली हमले में 78 लोगों की मौत हुई है और 329 घायल हुए हैं।