World Updates: पाकिस्तान में मरियम नवाज पहली बार बनीं विधायक, CM भी बनेंगी; श्रीलंका में 18 भारतीय मछुआरे रिहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और डेनमार्क ने बृहस्पतिवार को गतिशीलता और प्रवासन साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए और राजनयिक संबंधों के 75 साल की स्मृति में लोगो का भी अनावरण किया। भारत पहुंचे डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने विदेश मंत्री जयशंकर के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और समुद्री सहयोग पर चर्चा की। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, स्वास्थ्य, शिक्षा और समुद्री सहयोग पर नए विचारों से साझेदारी को मजबूत करने के लिए डेनमार्क के विदेश मंत्री रासमुसेन के साथ सार्थक बातचीत हुई। दोनों देशों ने गतिशीलता और प्रवासन साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए और राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में लोगो का अनावरण किया।
भारत-डेनमार्क संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के मंत्रियों ने भारत-डेनिश हरित रणनीतिक साझेदारी के महत्वपूर्ण परिणामों पर भी बातचीत की।
चीन में कंटेनर जहाज पुल से टकराया, दो लोगों की मौत
चीन के गुआंगझोऊ शहर में बृहस्पतिवार को एक कंटेनर जहाज की टक्कर के बाद एक पुल का कुछ हिस्सा ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता हो गए। इस हादसे में पांच वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हांगकांग के उत्तर-पश्चिम में लगभग 90 किमी दूर गुआंगझोऊ के नान्शा जिले में लिक्सिंशा पुल से तड़के एक खाली कंटेनर जहाज टकरा गया जिससे पुल का एक हिस्सा ढह गया। जहाज का कैप्टन गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद पुल में बड़ी दरार के कारण इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
वेनेजुएला में सोने की अवैध खदान ढही, 14 की मौत, 11 अन्य घायल
वेनेजुएला में अवैध रूप से संचालित सोने की खदान के ढहने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने अनुसार खदान में बड़ी संख्या में लोग फंसे हो सकते हैं। बोलिवर के गवर्नर एंजेल मार्कानो ने कहा, अब तक 14 शव निकाले जा चुके हैं। जबकि 11 अन्य के घायल होने की जानकारी है। घटना अंगोस्टुरा नगर पालिका की है। बुल्ला लोका नामक खदान के लिए घंटों का सफर करके सिर्फ नाव से पहुंचा जा सकता है।
ब्रिटेन के सम्राट चार्ल्स-तृतीय ने कहा कि उनके कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी मिलने के बाद से उन्हें जो शुभकामना संदेश मिल रहे हैं उससे वह अभिभूत हैं। उन्होंने यह बात अपने इलाज के लिए सार्वजनिक कर्तव्यों से हटने के बाद पहली बार पीएम ऋषि सुनक के साथ साप्ताहिक बैठक में कही। चार्ल्स ने सरकारी ममलों में सम्राट को सलाह देने के लिए माह में एक बार बैठक करने वाले वरिष्ठ अफसरों के समूह ‘प्रिवी काउंसिल’ से भी मुलाकात की।
भारत ने थाई पीएम को पवित्र अवशेष सौंपे
गौरतलब है कि भगवान बुद्ध और उनके शिष्यों अरहंता सारिपुत्त और अरहंता महा मोग्गलाना के पवित्र अवशेष अब सनम लुआंग में स्थापित हैं। बिहार के राज्यपाल, राजेंद्र आर्लेकर, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार, वरिष्ठ भिक्षुओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ थाई पीएम को पवित्र अवशेष सौंपे।
#WATCH | Procession underway as holy relics of Lord Buddha are being taken from National Museum to Royal ground Sanam Luang in Bangkok, Thailand. pic.twitter.com/O7zG8NTPlu
— ANI (@ANI) February 23, 2024
श्रीलंका की अदालत का बड़ा फैसला, 18 भारतीय मछुआरे रिहा
जाफना में मजिस्ट्रेट ने गुरुवार को 18 मछुआरों को रिहा करने का आदेश दिया। हालांकि, अवैध रूप से मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल की गई नावों के दो चालकों को छह महीने की कैद का आदेश भी दिया गया है। अदालत ने इन नावों को भी जब्त करने का आदेश दिया है।
Maryam Nawaz: पंजाब की पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी मरियम, नारेबाजी के बीच विधायकों को दिलाई गई शपथ
विरोधियों ने जनादेश चोर के नारे लगाए
शपथ ग्रहण के दौरान एकसाथ आने वाले सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रतिनिधियों ने जनादेश चोर’ के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि एक बार अदालत उन्हें उनका चुराया हुआ जनादेश वापस दे देगी, तो वे सरकार बना लेंगे।
रूसी सेना में फंसे भारतीयों का मामला दूतावास ने उठाया
रूसी सेना में सहायक की नौकरियों के लिए कुछ भारतीयों के पहुंचने की खबरों के बीच विदेश मंत्रालय ने नागरिकों से यूक्रेन में जारी संघर्ष से दूर रहने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय दूतावास ने रूस पहुंचे भारतीय श्रमिकों को शीघ्र छुट्टी देने के लिए रूसी अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सभी भारतीय नागरिकों से उचित सावधानी बरतने और इस संघर्ष से दूर रहने का आग्रह किया।
समुद्री सुरक्षा, आपसी सहयोग व परिचालन बढ़ाने के मकसद से शुक्रवार को हिंद महासागर में भारत, मालदीव और श्रीलंका के तट रक्षक कर्मियों ने चार दिवसीय त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास की शुरुआत की। 25 फरवरी तक चलने वाले अभ्यास दोस्ती के लिए भारतीय तटरक्षक जहाज समर्थ व आईसीजीएस अभिनव, श्रीलंका नौसेना जहाज समुदुरा के साथ को माले पहुंचे।
पाकिस्तान : सेना के आलोचक पत्रकार रियाज खान गिरफ्तार
पाकिस्तान की राजनीति में सेना की भूमिका के मुखर आलोचक पत्रकार इमरान रियाज खान को कथित भ्रष्टाचार मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पिछले साल सैन्य प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों का हिस्सा होने के लिए गिरफ्तार किए जाने के बाद कुछ महीने पहले ही पत्रकार को रिहा किया गया था। वह लोकप्रिय टीवी एंकर भी हैं।
यूएसआईएसपीएफ में शामिल हुए इंफोसिस के सीईओ सलिल
इंफोसिस के सीईओ व एमडी सलिल पारेख भारत-अमेरिकी रणनीतिक व भागीदारी फोरम (यूएसआईएसपीएफ) में निदेशक मंडल के सदस्य शामिल हुए हैं। अध्यक्ष एवं सीईओ मुकेश अघी ने उनके बोर्ड में शामिल होने की तारीफ की।
अत्यधिक ठंड, शराब से हुई इलिनोइस में भारतीय मूल के छात्र की मौत
पिछले महीने मृत पाए गए इलिनोइस विश्वविद्यालय के भारतीय मूल के छात्र अकुल बी धवन (18) की मौत हाइपोथर्मिया (अत्यधिक ठंड) और अधिक मात्रा में शराब के सेवन के कारण हुई थी। अकुल 20 जनवरी को सुबह 11 बजे के आसपास कैंपस की इमारत के बाहर मृत पाया गया था। सूचना मिलने के बाद एरो एम्बुलेंस, अर्बाना फायर डिपार्टमेंट और यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस पुलिस को मौके पर पहुंची थी। 23 जनवरी को उसके पोस्टमार्टम में मौत का कारण हाइपोथर्मिया बताया गया था। शैंपेन काउंटी के कोरोनर स्टीफन थ्यूनी ने कहा, शराब का तेज नशा और अत्यधिक ठंडे तापमान में लंबे समय तक रहने से उनकी मौत हुई। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस पुलिस की जांच में पता चला है कि धवन 19 जनवरी को रात लगभग 9 बजे दोस्तों से मिला था और शराब का सेवन किया था। रात लगभग 10 बजे धवन और उनके दोस्त उरबाना के एक स्थानीय क्लब में गए। एक वीडियो में उसे शराब का सेवन करते हुए देखा जा सकता है।