{"_id":"5b2781114f1c1baf6e8b8ac3","slug":"us-led-coalition-aircraft-bombed-a-position-belonging-to-the-syrian-army","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीरिया में सैन्य ठिकानों पर कहर बनकर बरसे अमेरिकी बम, 40 की मौत और कई घायल","category":{"title":"Gulf Countries","title_hn":"खाड़ी देश","slug":"gulf-countries"}}
सीरिया में सैन्य ठिकानों पर कहर बनकर बरसे अमेरिकी बम, 40 की मौत और कई घायल
एजेंसी, बेरुत
Updated Mon, 18 Jun 2018 03:23 PM IST
विज्ञापन
अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के लड़ाकू विमानों ने रविवार की दरमियानी रात इराक सीमा के पास देश के पूर्वी हिस्से में बम बरसाए जिसमें सरकारी सेना से संबद्ध करीब 40 विदेशी लड़ाकों की मौत हो गई। ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
संगठन ने बताया कि यह बमबारी सीरियाई सेना से संबद्ध बलों के ठिकानों पर की गई बेहद घातक हमलों में से एक थी। ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ के प्रमुख रामी अब्देल रहमान ने बताया कि सीरिया-ईराक सीमा के समीप स्थित अल-हरी में हुए हमले में शासन के वफादार 38 गैर सीरियाई विदेशी लड़ाकों की मौत हुई। वहीं सरकारी संवाद समिति ने सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया कि हमारे सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी गठबंधन के लड़ाकू विमानों ने हमले किए जिसमें कई लोगों की मौत हुई जबकि कई अन्य घायल हो गए। हालांकि समिति ने मृतकों और घायलों का सटीक आंकड़ा नहीं बताया।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि आईएस के दबदबे वाले सीरिया के पूर्वी देर एजोर प्रांत में अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना और रूस समर्थित सरकारी बलों द्वारा आतंकियों के खिलाफ अलग अलग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। अल-हरी क्षेत्र भी यहीं स्थित है। इस तरह की घटनाओं को छोड़ दें तो अक्सर दोनों पक्ष ऑपरेशनों के दौरान आपसी टकराव से बचते रहे हैं। फिलहाल पेंटागन ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
विज्ञापन