फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Four Indian Crew Members Killed in Attack on Commercial Ship Off Ukraines Odesa

यूक्रेन में MV गोल्डन लियो जहाज पर हमला: चार भारतीय नाविकों की मौत, बंदरगाह से निकलते वक्त बनाया निशाना

Mon, 20 Jul 2026 09:29 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क ,अमर उजाला, कीव
वर्ल्ड डेस्क ,अमर उजाला, कीव Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Mon, 20 Jul 2026 09:29 PM IST
सार

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहे मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। एक भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। आखिर जहाज पर हमला कैसे हुआ, कितने लोग सवार थे और भारत सरकार ने इस पूरे मामले पर क्या कदम उठाए हैं? आइए, इन सव सवालों के जवाब विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Four Indian Crew Members Killed in Attack on Commercial Ship Off Ukraines Odesa
यूक्रेन में मालवाहक जहाज पर हमला। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक मालवाहक जहाज पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हमला 19 जुलाई की शाम उस समय हुआ, जब एमवी गोल्डन लियो नाम का जहाज ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहा था। इस घटना ने एक बार फिर काला सागर क्षेत्र में बढ़ते खतरे और वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भारत सरकार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए हमले की कड़ी निंदा की है और प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
विज्ञापन


विदेश मंत्रालय ने बताया कि हमले के समय एमवी गोल्डन लियो पर कुल 17 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले में चार भारतीयों की जान चली गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल है। मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन में भारतीय मिशन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल भारतीय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
विज्ञापन

हमला कैसे हुआ और जहाज को कितना नुकसान पहुंचा?

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, एमवी गोल्डन लियो पर रूस की ओर से दागी गई तीन क्रूज मिसाइलें लगीं। हमले के बाद जहाज में आग लग गई। यूक्रेन की नौसेना ने बताया कि जहाज गिनी-बिसाऊ के झंडे के तहत संचालित हो रहा था और उसमें भारत तथा सीरिया के चालक दल के सदस्य मौजूद थे। जहाज पर मक्का (कॉर्न) लदा हुआ था। पूरी रात चले खोज और बचाव अभियान के दौरान आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं इस हमले में जहाज पर मौजूद समुद्री पायलट सहित कई लोगों की मौत की पुष्टि की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

भारत ने हमले पर क्या प्रतिक्रिया दी?

भारत ने वाणिज्यिक जहाज पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल की जान खतरे में डालना और समुद्री व्यापार तथा नौवहन की स्वतंत्रता को प्रभावित करना बेहद निंदनीय है। भारत ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बचा जाना चाहिए। मंत्रालय ने यह भी कहा कि यूक्रेन में भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।

केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि यूक्रेन में जहाज पर हुए हमले में एक मलयाली नागरिक के मारे जाने की खबरों के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने प्रवासी मामलों की एजेंसी  नोरका (NORKA) को रूसी वाणिज्य दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय से तुरंत संपर्क कर घटना की पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और मृतक की पहचान तथा अन्य जरूरी जानकारी की पुष्टि के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

काला सागर क्षेत्र में तनाव क्यों बढ़ा?

यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि हाल के सप्ताहों में काला सागर क्षेत्र में हिंसा तेज हुई है और यह हमला उसी तनाव का हिस्सा है। ओडेसा क्षेत्र के गवर्नर के अनुसार, इस महीने अब तक रूसी हमलों में 28 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, रूस के बेलगोरोद क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक बच्चे सहित पांच लोगों की जान चली गई। इसके अलावा रूस और यूक्रेन दोनों की ओर से कई शहरों पर हमले किए गए हैं, जिनमें कई लोगों की मौत हुई है। इससे क्षेत्र में संघर्ष और अधिक गंभीर हो गया है।

आगे भारत की प्राथमिकता क्या रहेगी?

भारत सरकार ने कहा है कि उसकी पहली प्राथमिकता प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। भारतीय मिशन लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और घायल भारतीय की चिकित्सा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मदद सुनिश्चित करने में जुटा है। साथ ही भारत ने एक बार फिर सुरक्षित समुद्री व्यापार, नौवहन की स्वतंत्रता और नागरिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। सरकार का कहना है कि निर्दोष नागरिकों और वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed