इंटेलिजेंस एजेंसियों की नाकामी का नतीजा है नीस हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फ्रांस में यूरोप की सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी है। फ्रांस पूरी तरह सेक्यूलर मूल्यों वाला देश है। सामाजिक, राजनीतिक माहौल में उदारता है और धर्मनिरपेक्षता इस देश की खास धरोहर है। धर्म और राज्य के बीच कोई घालमेल बर्दाश्त नहीं किया जाता है। धार्मिक कट्टरता किसी भी हालत में मंजूर नहीं है।
फ्रांस में धार्मिक कट्टरता के खिलाफ कड़ा रुख कट्टरपंथियों को नाराज करता है। धर्म को कोई खास बढ़ावा न दिए जाने से कट्टरपंथियों का काम मुश्किल हो जाता है। धर्म को प्रोपगेंडा बनाने के खिलाफ फ्रांस की इस दृढ़ता से रेडिकल तत्व नाराज हैं। यही वजह है कि वे इस तरह का हमला कर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। फ्रांस में ट्रक के जरिये हुए इस हमले को अपनी तरह का पहला हमला बताया जा रहा है। लेकिन ऐसा नहीं है। फ्रांस में दो बार ट्रक के जरिये इस तरह के हमले हो चुके हैं।
फिलिस्तीनियों ने इस तरह के हमले इजरायलियों के खिलाफ किए हैं। लेकिन फ्रांस में यह जो हमला हुआ है, वह पूरी तरह इंटेलिेजेंस एजेंसियों की नाकामी का नतीजा है। नवंबर, 2015 के हमले के बाद फ्रांस में आतंरिक सुरक्षा को लेकर एक हाई लेवल कमेटी बनी थी। लेकिन उससे भी स्थिति सुधरती नजर नहीं आती। दरअसल फ्रांस में छह इंटेलिजेंस एजेंसियां हैं। एक्सटर्नल एजेंसी, इंटरनल एजेंसी, डाटा एजेंसी इस तरह की छह एजेंसियां हैं और ये तीन मंत्रालयों को रिपोर्ट करती हैं।
कुल मिलाकर यह हमला फ्रांस में इंटेलिजेंस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और उसकी नाकामी को दिखाता है। फ्रांस के प्रोमेनेड डैस एगेंलेस इलाके में जिस तरह का यह भयावह हमला हुआ उससे एक भारी चिंता पैदा हुई है। एक गुस्सैल या अंदर ही अंदर नाराज और चिड़चिड़े व्यक्ति ने जिस तरह का यह हमला किया उससे एक तस्वीर साफ तौर पर उभरती है।
वह यह है कि व्यक्तिगत तौर पर असफल लोग कट्टरपंथी तत्वों के जाल में फंसते जा रहे हैं और अपना गुस्सा इस तरह के हमले कर उतार रहे हैं। 2012 में इसी तरह के मोहम्मद मेरा नाम के शख्स ने भारतीय दूतावास पर हमला किया था। ये छोटे-मोटे अपराधी होते हैं और इन्हें जेल में रहने के दौरान कट्टरपंथी सीख दी जाती है या फिर इन्हें इटंरनेट के जरिये कट्टरता का पाठ पढ़ाया जाता है।
'मुस्लिमों के खिलाफ बढ़ेंगे हेट क्राइम'
अब इस बात का अनुमान लगाया जा रहा है कि इस तरह के हमले के बाद मुस्लिमों के खिलाफ हेट क्राइम बढ़ जाएंगे। ऐसे अनुमान बिल्कुल सही हैं। नवंबर, 2015 में पेरिस हमलों के बाद इस तरह के हेट क्राइम काफी देखने को मिले थे। ऐसे हमलों के बाद देश में दक्षिणपंथी ताकतों को अच्छा सपोर्ट मिला है और स्थानीय चुनावों में उनके वोट प्रतिशत बढ़ते दिखे हैं।
2017 में होने वाले स्थानीय चुनावों में दक्षिणपंथी ताकतों को मजबूती मिल सकती है। बहरहाल, यह हमला फ्रांस के लिए काफी कुछ बदल देने वाला होगा। खास कर फ्रांस की आय के एक प्रमुख स्त्रोत को पर्यटन कारोबार को खासा झटका लगेगा।
पेरिस हमलों के बाद फ्रांस आने वाले पर्यटकों की तादाद में सीधे 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। फ्रांस में यह बिजी पर्यटन सीजन है। दुनियाभर के पर्यटक इस समय यहां आते हैं। चीन, यूरोप अमेरिका के पर्यटकों की खासी तादाद जुटती है। जाहिर है पर्यटकों में डर बैठ जाएगा।
फ्रांस की इकोनॉमी के लिए यह कतई अच्छा नहीं है। एक और अहम बात यह है कि फ्रांस में पिछले एक-डेढ़ साल में जितने भी आतंकी हमले हुए हैं उन्हें यहीं के नागरिकों ने अंजाम दिया। यह अलग बात है कि वे मूल रूप से दूसरे देश के थे। जाहिर है कि इस तरह की घटनाओं के बाद शरणार्थियों के प्रति लोगों का रुख और कड़ा होगा। (दीपक मंडल से बातचीत पर आधारित)