सिर कलम करने का एक और वीडियो जारी
चरपपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने एक और वीडियो जारी किया है जिसमें ब्रितानी बंधक एलन हेनिंग का सिर कलम करते हुए दिखाया गया है। इससे पहले इस्लामिक स्टेट ने कई लोगों के सिर काटकर वीडियो अपलोड कर चुका है।
उत्तरी इंग्लैंड के रहने वाले हेनिंग को पिछले साल सीरिया में बंधक बनाया गया था। टेक्सी ड्राइवर हेनिंग को राहत सामग्री पहुंचाते हुए अगवा किया गया था।
पिछले महीने जारी किए गए ब्रितानी नागरिक डेविड हेन्स के कत्ल के वीडियो में एलन हेनिंग को दिखाया गया था।
ब्रितानी विदेश विभाग का कहना है कि वे वीडियो की प्रमाणिकता की जांच कर रहे हैं। वीडियो के अंत में एक अमरीकी बंधक को भी दिखाया गया है।
'बर्बर आतंकवादी'
ब्रितानी प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा, "इस्लामिक स्टेट के हाथों एलन हेनिंग का क़त्ल दर्शाता है कि ये आतंकवादी कितने बर्बर और भावशून्य हैं।"
उन्होंने कहा कि हम इन कातिलों को पकड़ने और सज़ा देने के लिए हर मुमकिन प्रयास करेंगे। हेनिंग की पत्नी बारबारा ने इसी हफ्ते उनकी रिहाई की अपील की थी।
इससे पहले, ब्रितानी बंधक डेविड हेन्स का सिर कलम किए जाने का वीडियो इस्लामिक स्टेट ने जारी किया था।
इस्लामिक स्टेट ने अमरीकी पत्रकारों जेम्स फॉली और स्टीवेन सोटलोफ के सिर क़लम किए जाने का वीडियो भी जारी किया था।