'बीवियों के व्हाट्सऐप पर रोक लगाएं पति'
चेचन्या के एक नेता रमजान कदिरोफ ने पुरूषों से कहा है कि वो पत्नियों के वॉट्सऐप के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाएं। हाल में वॉट्सऐप पर एक जबरन शादी की बात फैली थी जिसके बाद लोगों में भारी नाराजगी थी।
रमजान कदिरोफ के हवाले से कहा जा रहा, ''महिलाओं को ताले में बंद कर दो, उन्हें बाहर मत निकलने दो, उसके बाद ने कुछ संदेश पोस्ट नहीं कर पाएंगी।'' इससे पहले रमजान ने एक पुलिस प्रमुख की 17 साल की उम्र की लड़की के साथ शादी करने का समर्थन किया था।
रूसी कानून में मनाही
ये अधिकारी पहले से शादीशुदा है और रूसी कानून के भीतर ये मना है। इसके बाद ही उनके एक आला अधिकारी ने बहुविवाह को वैध बनाने का प्रस्ताव दिया था।कदिरोफ को अपनी मनमर्जी चलाने वाला नेता समझा जाता है और वे रूस के राष्ट्रपति व्लादमिर पुतिन के करीबी माने जाते हैं।
हाल के सालों में उन्होंने दुल्हनों के अपहरण और कम उम्र में शादी को गैरकानूनी करार दे दिया था। वे बहुविवाह के पक्षधर माने जाते हैं। उनके एक उच्च सहयोगी मेगोमेद दौडोव का कहना था, ''ये सब शरिया के हिसाब से होना चाहिए। लेकिन अगर एक व्यक्ति एक से ज्यादा पत्नियों को रख सकता है तो क्यों नहीं।''