अमेरिका में मृतकों की संख्या 48,000 के पार, ट्रंप ने कहा- कोरोना सिर्फ फ्लू नहीं, हम पर हमला है
अमेरिका में कोविड-19 महामारी के कारण अब तक 48,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 8.52 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। पिछले कई दिनों से देश में हर दिन डेढ़ से दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत बेकाबू होते हालातों पर राष्ट्रपति ट्रंप की चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा, यह किसी भी तरह से केवल फ्लू नहीं है, यह हमारे देश पर हमला किया गया है।
दरअसल, ट्रंप के सामने एक तरफ देश में चौपट होता कारोबार है और दूसरी तरफ महामारी से लगातार बढ़ती मौतों का आंकड़ा हैै। राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस में पत्रकारों को कई हजार अरब डॉलर के प्रोत्साहन पैकेजों से अमेरिकी राष्ट्रीय कर्ज के बढ़ने को लेकर किए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, यह कोई फ्लू नहीं था, कभी किसी ने ऐसा कुछ नहीं देखा, 1917 में ऐसा आखिरी बार हुआ था।
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक दुनिया में अब तक 26.97 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जबकि 1.89 लाख से ज्यादा जान गंवा चुके हैं। अकेले अमेरिका में मरने वाले 48,868 और 8.66 लाख लोग संक्रमित हैं।
तुर्की : बढ़ रहे हैं डॉक्टर्स की मौत के मामले
महामारी से सीधे लोहा ले रहे तुर्की के डॉक्टरों और नर्सों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। 14 डॉक्टरों और 10 नर्सों की कोरोना की वजह से मौत के बाद मेडिकल एसोसिएशन ने एर्दोऑन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां 3,500 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हैं, उन्हें जरूरी पीपीई किटें नहीं दी गईं।
चीन में बिना लक्षण वाले 27 नए मरीज
चीन में बिना लक्षण वाले कोविड-19 के 27 नए मरीज सामने आने के बाद ऐसे संक्रमितों की संख्या 984 हो गई है। इस बीच प्रीमियर ली केकियांग के नेतृत्व वाली उच्च स्तरीय कमेटी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को अपना पूरा ध्यान वायरस के लक्षित नियंत्रण पर केंद्रित रखने को कहा है।
तीन मई के बाद ही वापस लाए जाएंगे विदेशों में फंसे भारतीय : मुरलीधरन
विदेश में फंसे भारतीयों को तीन मई के बाद ही वापस लाया जाएगा। विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने दूसरे देशों में फंसे हुए भारतीयों से तीन मई तक सब्र रखने की अपील करते हुए कहा कि लॉकडाउन में अटके भारतीयों को वापस लाने और यहां हवाईअड्डों पर रखने की अनुमति नहीं देते। अपने यहां भी कई जिले पूरी तरह से सील हैं।
सऊदी अरब में संक्रमण से 11 भारतीयों की मौत हो गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, मदीना में चार, मक्का में 3, रियाद में एक और दम्माम में एक भारतीय की मौत हुई है। सऊदी में लॉकडाउन के कारण फंसे भारतीयों को भोजन और जरूरी चीजें मुहैया कराने के लिए सभी प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
घट रही मौतों की संख्या
कोविड-19 का अमेरिकी केंद्र रहे न्यूयॉर्क में हालात अब कुछ बेहतर होते दिख रहे हैं। यहां मृतकों की संख्या में अब कमी आती दिख रही है। यहां एक दिन में 500 से कम लोगों की जानें जा रही हैं। गवर्नर एंड्रयू क्योमो ने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या भी लगातार कम हो रही है। न्यूयॉर्क में अब तक 20 हजार से ज्यादा जानें जा चुकी हैं।
द्वितीय विश्व युद्ध के सौ वर्षीय सैनिक की मौत
द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका की ओर से मोर्चा संभालने वाले 100 वर्षीय फिलिप कान कोरोना से जंग हार गए। फिलिप के जुड़वां भाई की भी ठीक 100 वर्ष पहले जन्म के कुछ दिनों बाद स्पैनिश फ्लू से मौत हुई थी। फिलिप कान ने इवू जीमा की लड़ाई में अमेरिका की ओर से हिस्सा लिया था।