Covid19: दुनियाभर में संक्रमित 41 लाख पार, 2.82 लाख मृतकों में 80% यूरोप-अमेरिका के शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 41 लाख के पार पहुंच गई है। इस जानलेवा महामारी ने पिछले 24 घंटे में 90 हजार से ज्यादा लोगों को अपने संक्रमण की जद में लिया है, जबकि 5 हजार से ज्यादा लोग मौत का शिकार हो गए हैं। वैश्विक स्तर पर करीब 212 देशों में फैल चुके संक्रमण से अब तक कुल 2.82 लाख लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें से करीब 80 फीसदी हिस्सेदारी यूरोप और अमेरिका की है। एशिया महाद्वीप में भी इस संक्रमण का कहर फैला हुआ है, लेकिन यहां यह संक्रमण कम जानलेवा साबित हुआ है।
दुनिया में संक्रमितों की संख्या रविवार शाम तक 41,53,293 हो चुकी थी, जबकि 2,82,743 लोगों की मौत हो चुकी थी। आंकड़ों के मुताबिक, इस बीमारी की चपेट में आने के बाद 14,65,614 आदमी ठीक हो चुके थे। यूरोप कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाद्वीप है, जहां 16,99,566 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि 1,54,313 लोगों की जान जा चुकी है। यूरोपीय देशों में सबसे ज्यादा मौत ब्रिटेन में हुई हैं, जहां 31,587 लोग मारे जा चुके हैं। इसके बाद इटली में 30,395, स्पेन में 26,621 और फ्रांस में 26,310 लोगों की मौत हुई है। यूरोप से बाहर संक्रमण का सबसे भयंकर कहर अमेरिका ने झेला है, जहां 13,49,599 लोगों में अब तक संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और 80,101 लोग मौत का शिकार हो चुके हैं। एशिया में संक्रमण का सबसे ज्यादा कहर ईरान में रहा है, जहां 1,07,603 मामले संक्रमण के मिले हैं और 6640 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में 25 हजार नए मामले, उद्योग खुले
अमेरिका में संक्रमण के 25 हजार नए मामले सामने आए हैं। व्हाइट हाउस से जुड़े तीन बड़े अधिकारियों को क्वारंटीन में भेज दिया गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हालात से निपटने में अपनाई गई रणनीति पर ट्रम्प प्रशासन की आलोचना की है। उधर, देश के जॉर्जिया राज्य ने गैरजरूरी उद्योग खोलने की छूट दे दी है।
वुहान में एक महीने में पहला मामला
वायरस के उत्पत्ति स्थल चीन के वुहान शहर में करीब 45 दिन में पहली बार संक्रमण का कोई मामला पाया गया। रविवार को मिले 89 वर्षीय संक्रमित की हालत गंभीर बताई गई है। उसकी पत्नी भी पॉजिटिव पाई गई है। उनके रिहाइशी क्षेत्र में पहले भी 20 केस सामने आए थे। स्वास्थ्य आयुक्त ने इसे पुराने सामुदायिक संक्रमण का नतीजा बताया है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने संक्रमण के 14 नए मामलों को दर्ज किया है जिनमें वुहान का मामला भी शामिल है।
ब्रिटेन में स्टे होम को किया गया स्टे अलर्ट
ब्रिटेन में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने नई तैयारियों का संकेत दिया है। पीएम जॉनसन ने रविवार को एक ट्वीट में स्टे होम नारे को बदलकर स्टे अलर्ट कर दिया। इसके साथ ही कहा कि वे टेलीविजन पर देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि सरकार लॉकडाउन में रियायत दे सकती है। इस बीच, ब्रिटेन के स्वास्थ्य विभाग ने 50 हजार कोरोना सैंपल जांच के लिए अमेरिका भेजे हैं।
दक्षिण कोरिया में आए 34 नए मामले
दक्षिण कोरिया उन देशों में शामिल है जिसने बड़े स्तर पर कोरोना वायरस पर नियंत्रण पा लिया है लेकिन यहां फिर से इस बीमारी ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। देश में शनिवार को कोविड-19 के 34 नए मामले सामने आए हैं। सियोल में 2100 बार और नाइट कल्ब दो हफ्ते के लिए फिर से बंद कर दिए गए हैं। इस बीच राष्ट्रपति मून जे इन ने देशवासियों से अपील की है कि वे बेपरवाह रवैया न अपनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मामले बढ़ने से घबराने की जरूरत नहीं है।
पाकिस्तान में एक दिन में रिकॉर्ड 1991 मामले
पाकिस्तान में शनिवार को कोरोना वायरस के 1991 मामले सामने आए, जो एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 29 हजार से अधिक हो गई है। संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी के बावजूद शनिवार को लॉकडाउन में ढील का पहला चरण शुरू हुआ। यहां शाम 5 बजे तक कारोबार संचालित करने की छूट दी है।
बांग्लादेश में रिकॉर्ड 887 मामले...
बांग्लादेश में शनिवार से रविवार को 24 घंटे में रिकॉर्ड 887 मामले सामने आए। इस दौरान 14 लोगों की मौत भी हुई। देश में अब संक्रमित लोगों की संख्या 14,657 पहुंच गई है।