कोरोना वायरस: रूस में सख्त हुआ लॉकडाउन, 73 देशों की यात्रा पर बैन लगाएगा जापान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस का संक्रमण पूरी दुनिया में फैल चुका है। ऐसे में अब बेफिक्र रहने वाले जापान और रूस सहम गए हैं। रूस में मंगलवार को कोविड-19 से संक्रमित 500 से ज्यादा मरीज मिले हैं। यह रूस में अब तक एक दिन की सबसे अधिक संख्या है। अचानक मामले बढ़ने के बाद रूस ने एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन को और सख्त कर दिया है। रूस में अब तक कोरोना के 2,337 मामले सामने आए हैं जबकि 17 की मौत हो चुकी है।
वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे गैर कामकाजी सप्ताह कहा है। लोगों को घरों के अंदर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले राष्ट्रपति वायरस को लेकर बेफिक्र थे और लोगों से हाथ मिला रहे थे। अब तक लॉकडाउन न लगाने वाले जापान ने 73 देशों की यात्राओं पर रोक लगा दी है। जिसमें अमेरिका, कनाडा, दक्षिण कोरिया भी शामिल हैं। जापान में रविवार को कोरोना के 162 प्रतिशत मामले बढ़े हैं।
दुनियाभर में आठ लाख के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या
दुनियाभर में कोरोना वायरस ने अब तक 860,106 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है जबकि 42,334 की मौत हो चुकी है। स्पेन में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 95,923 है वहीं 8,464 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इटली में कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या 12,428 होने के बाद लॉकडाउन को ईस्टर तक के लिए बढ़ा दिया गया है
नीदरलैंड में एक हजार के पार हुई मृतकों की संख्या
नीदरलैंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12,595 है। वहीं वायरस की वजह से अबतक 1,039 लोगों की मौत हो चुकी है। जिसकी वजह से यहां सामाजिक दूरी के नियम को अप्रैल तक के लिए बढ़ाने की सिफारिश की गई है।
फ्रांस ने इलाज के लिए जर्मनी भेजे संक्रमित
फ्रांस में 52,128 लोग कोरोना की चपेट में हैं। जबकि 3,523 लोगों की वायरस के कारण जान जा चुकी है। वहीं यहां मंगलवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 499 लोगों की मौत हुई। जिसके बाद 200 से ज्यादा संक्रमितों को इलाज के लिए जर्मनी भेजा गया है।
ईरान में मिले 3,111 नए मामले
ईरान में मंगलवार को 3,111 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 44,605 हो गई है। वहीं 2,898 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां अस्पतालों में जगह नहीं बची है। केवल 3,703 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
जर्मनी में एक लाख का होगा एंटीबॉडी टेस्ट
जर्मनी के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके हाइजेनबर्ग को प्रयोगशाला में बदल दिया गया है। नीदरलैंड की सीमा से लगे इस इलाके में 1200 से ज्यादा संक्रमित मामले मिलने के बाद इसे जर्मनी का वुहान कहा जा रहा है। यहां एक लाख लोगों पर कोरोना का एंटीबॉडी टेस्ट किया जाएगा ताकि कर्मचारी काम पर लौट सकें।
नेवी बेस से न्यूयॉर्क भेजा गया एक हजार बेड वाला शिप हॉस्पिटल
अमेरिका कोरोना वायरस का नया केंद्र बनता जा रहा है। यहां 4,055 लोगों की कोरोना के कारण जान जा चुकी है। वहीं अबतक संक्रमितों की संख्या 188,592 हो गई है। अमेरिका में सबसे ज्यादा मौतें न्यूयॉर्क में हुई हैं। यहां कोरोना के खतरे को देखते हुए अमेरिकी नौसेना का एक हॉस्पिटल शिप ‘द कंफर्ट’ नॉरफॉल्क नेवी बेस से न्यूयॉर्क भेजा गया है। इसमें एक हजार बेड हैं। इसके 12 कमरे ऐसे हैं जो आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों से पूरी तरह लैस हैं।