Coronavirus : अमेरिका और स्पेन में आपातकाल, डोनाल्ड ट्रंप की रिपोर्ट निगेटिव
वैश्विक महामारी का रूप धारण कर चुके कोविड-19 का प्रकोप दुनियाभर में बढ़ता जा रहा है। अब तक दुनियाभर में 1.55 लाख से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है जबकि 5,819 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका और स्पेन में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया गया है। वहीं, चीन के हुबेई प्रांत में कोरोना से 13 और लोगों की मौत के साथ कुल मृतक संख्या 3,189 हो गई। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोनावायरस से संबंधित सभी अपडेट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना का कहर दुनिया के 149 देशों में पहुंच चुका है। अब तक दुनियाभर में 1.55 लाख से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है जबकि 5,819 लोगों की मौत हो चुकी है। वायरस की दहशत का आलम ये है कि अमेरिका और स्पेन में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कोरोना जांच कराई थी, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
स्पेन ने 24 घंटे के भीतर 136 लोगों की मौत और एक दिन के भीतर 1500 से अधिक मामले सामने आने के बाद आपातकाल घोषित करते हुए जल-थल और नभ आवागमन पर भी पूरी तरह रोक लगा दी है। स्पेन सरकार ने साफ कहा है कि लोग अपने घरों से सिर्फ खाने का सामान और दवा खरीदने के लिए ही बाहर निकल सकते हैं।
इससे पहले शनिवार देर रात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आपातकाल घोषित करते हुए राज्यों को आपदा से निपटने के लिए 50 अरब डॉलर का फंड दिया है। साथ ही अमेरिकी कांग्रेस की प्रतिनिधि सभा ने एकमत से बिल पारित कर प्रभावित लोगों के लिए मुफ्त जांच व इलाज के साथ पेड सिक लीव की व्यवस्था की है।
साथ ही बेरोजगारी बीमा मजबूत करने और परिवार के कष्ट को कम करने के लिए भोजन संबंधी सहायता बढ़ाने का भी प्रस्ताव दिया गया है। अमेरिका में अब तक कोरोना से 55 लोगों की मौत हो चुकी है। दो हजार लोग पॉजिटिव हैं। इस बीच, कोरोना को अमेरिकी सेना द्वारा फैलाए जाने संबंधी चीनी विदेश मंत्रालय के बयान पर अमेरिका ने वाशिंगटन स्थित चीनी राजदूत कुई तियानकाई को तलब कर सख्त शब्दों में विरोध दर्ज कराया है। एजेंसी
चीन में 13 और मौतें, 11 नए मामले
चीन के हुबेई प्रांत में कोरोना से 13 और लोगों की मौत के साथ कुल मृतक संख्या 3,189 हो गई। 11 नए मामले मिले हैं। मरीजों की संख्या 80,824 हो गई है। शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कोराना नियंत्रित होने तक स्कूल नहीं खुलेंगे। हाईस्कूल परीक्षा को भी टालने का प्रस्ताव है। इस बीच राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इटली के राष्ट्रपति सेरिगो माटरेला से फोन पर बात करके मौतों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की।
चीन ने इटली भेजी चिकित्सा आपूर्ति
समाचार एजेंसी सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि चीनी चिकित्सा विशेषज्ञों का नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को रोम हवाई अड्डे पर एक चार्टर प्लेन से चिकित्सा आपूर्ति लेकर पहुंचा। गौरतलब हो कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इटली को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए पूर्ण सहायता देने का एलान किया था।
दुनिया भर में उठाए गए एहतियाती कदम
- इंडिगो यूएई की कुछ उड़ाने 17 से अनिश्चितकाल को रद्द करेगी, स्पाइसजेट की ऐसी कोई योजना नहीं
- चीनी अरबपति जैक मा यूरोप में देंगे 20 लाख मास्क
- अमेरिकी सेना ने घरेलू यात्राओं पर लगाई रोक
- रूस में सोमवार से स्कूलों में अटेंडेंस वैकल्पिक
- अफ्रीकी देश नामीबिया में कोरोना का पहला मामला
- फिलीपीनी राजधानी मनीला में रात का कर्फ्यू। मॉल बंद
- ब्रिटेन में बड़े समारोहों पर रोक, मेयर चुनाव टले
- जी-7 नेता कोरोना पर करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंस
- एपल स्टोर 27 तक बंद, डिज्नी ने फिल्म निर्माण रोका
- चेक गणराज्य में पब, दुकान, रेस्तरां, मॉल 24 तक बंद
- ग्वाडलाजारा फिल्मोत्सव, लास एंजिलिस फैशन वीक टला
- न्यूजीलैंड में विदेशी यात्रियों को 14 दिन आइसोलेशन
- सऊदी अरब की दो हफ्ते तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक
- यूएई में बुजुर्गों को घर पर रहने की सलाह
ब्रिटेन और आयरलैंड से अमेरिका की यात्रा पर प्रतिबंध
अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि मंगलवार से ब्रिटेन और आयरलैंड से आने वाले लोगों के लिए अमेरिका की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि अमेरिकी नागरिक और अमेरिकी कानूनी निवासी इस प्रतिबंध के लागू होने के बाद भी उन देशों से अमेरिका लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि चुनिंदा हवाई अड्डों से उड़ान भरकर आने वाले विमान को पहले से ही विषाणुमुक्त रखने के लिए कहा गया है।
संक्रमित ऑस्ट्रेलियाई मंत्री से मिलने के बाद इवांका ने खुद को किया अलग
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और उनकी सलाहकार इवांका ट्रंप शुक्रवार से घर से काम कर रही हैं। दरअसल, इवांका ने हाल में ही अमेरिका आए ऑस्ट्रेलियाई गृहमंत्री पीटर डटन से मुलाकात की थी। बाद में डटन को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वाशिंगटन दौरे पर डटन इवांका, अटार्नी जनरल विलियम बार सहित कुछ अधिकारियों से मिले थे। हालांकि व्हाइट हाउस के मेडिकल स्टाफ ने इवांका को सलाह दी है कि उन्हें खुद को अलग करने की जरूरत नहीं।
अमेरिका में मुफ्त हुई कोरोनावायरस की जांच
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोनोवायरस रिलीफ बिल पर कहा कि बिल उन सभी अमेरिकियों के लिए मुफ्त कोरोनोवायरस परीक्षण का प्रावधान करता है जिनका परीक्षण किया जाना चाहिए। यह एक बहुत ही जटिल परीक्षण है और इसमें काफी पैसा खर्च होता है, अब इसे मुफ्त प्रदान किया जा रहा है। इसलिए लोगों को इस बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस के कारण अमेरिका में अबतक 50 मौतें हुई हैं। हम इस संख्या को यथासंभव कम रखना चाहते हैं। यह वायरस चीन से आया है, लेकिन इसमे किसी की गलती नहीं है। किसी को इसकी उम्मीद नहीं थी। हम सब मिलकर इस समस्या को हल करेंगे।
इटली ने देश में घरेलू उड़ानों पर रोक लगाई
इतावली नागरिक उड्डन प्राधिकरण ने शनिवार को कहा कि उसने देश के भीतर लगभग सभी प्रमुख घरेलू उड़ानों पर रोक लगा दी है। इटली द्वारा जिन शहरों में घरेलू उड़ानों पर रोक लगाई है, उसमें रोम, बरगामो ओरियो एल सीरियो, फ्लोरेंस, रेगियो कालाब्रिया शामिल हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, ये रोक आपात स्थितियों और सरकार के कार्यों पर लागू नहीं होगी।
चेक गणराज्य ने रेस्तरां, पब्स को बंद करने का आदेश दिया
चेक गणराज्य ने शनिवार को कोरोना वायरस के मद्देनजर प्रतिबंधों के दायरे को और विस्तृत किया है। चेक सरकार ने 10 दिनों के लिए रेस्तरां और पब्स को बंद करने का आदेश दिया है। चेक गणराज्य में दुनिया में सबसे ज्यादा बीयर का उपभोग किया जाता है। साथ ही सरकार ने फूड सुपरमार्केट, दवाई की दुकानें, पेट्रोल पंप और जरूरत का सामान मुहैया कराने वाली दुकानों को छोड़कर सभी को बंद करने का आदेश दिया है।
ब्रिटेन की विमान कंपनी ने स्पेन में उड़ानों पर रोक लगाई
ब्रिटेन की विमान कंपनी जेट2 ने स्पेन, बालेरिक द्वीप और कैनरी द्वीप के लिए जाने वाली विमानों को रद्द कर दिया है। कंपनी ने कहा कि शनिवार को रद्द की गई उड़ान का निर्णय स्पेन की सरकार द्वारा कोरोना वायरस को लेकर उठाए जा रहे कदम को देखते हुए लिया गया है।
रवांडा में कोरोना का पहला मरीज भारतीय निकला
पूर्वी अफ्रीकी देश रंवाडा में शनिवार को कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य अधिकारियों की मानें तो यह मरीज भारतीय नागरिक है। इस व्यक्ति में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे, लेकिन 13 मार्च को यह खुद ही जांच के लिए आ गया। अधिकारियों ने बताया कि उसका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर है।