कोरोना का कहर: अमेरिका में अस्पतालों के मुर्दाघर भरे, एक ही दिन में चली गई 884 लोगों की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 4 हजार के पार हो गई है। यह संख्या चीन, इटली और स्पेन से भी अधिक है। वहीं हर ढाई से छह मिनट में एक मौत होने के चलते न्यूयॉर्क में अस्पतालों के मुर्दाघर भर गए हैं।
इधर, जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी कोरोनावायरस रिसोर्स केंद्र ने बताया है कि कोरोना वायरस की वजह से पिछले 24 घंटे में देश में 884 लोगों की मौत हो गई है। यह संख्या एक दिन में हुई मौतों में अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने हर अमेरिकी से कठिन दिनों के लिए तैयार रहने को कहते हुए चेताया कि आगामी दो सप्ताह बहुत दर्दनाक हो सकते हैं। जॉन हॉपकिंस केंद्र के मुताबिक कोविड-19 के कारण अमेरिका में करीब 1,90,000 लोग संक्रमित मिले हैं।
पूरे देश में बढ़ती मृतक संख्या को देखते हुए शवों का अंतिम संस्कार मुश्किल हो चला है। न्यूयॉर्क के हालात और भी खराब हैं जहां पिछले 30 वर्षों से शवों को दफनाने के काम में जुटी इंटरनेशनल फ्यूनरल कंपनी के सीईओ मर्मो ने कहा कि लाशों को संभालने में मुश्किलें आ रही हैं।
उन्होंने कहा, अस्पतालों के मुर्दाघर लगभग भर गए हैं, जबकि इन शवों को दफनाना भी खतरनाक होता जा रहा है। मैं नहीं जानता कि मैं कितनी लाशें ले सकता हूं। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस महामारी को प्लेग करार देते हुए कहा, मैं चाहता हूं कि हर अमेरिकी नागरिक आगामी कठिन दिनों के लिए तैयार रहे। अभी दो सप्ताह तक राहत की गुंजाइश नहीं है इसलिए यह समय काफी दर्दनाक रहने वाला है।
दुनिया में 42,000 से ज्यादा मारे गए
पूरी दुनिया में करीब 8,60,000 लोगों को कोरोनावायरस मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 42,000 से ज्यादा लोग इस बीमारी से मारे जा चुके हैं। इन सब में चीन, इटली और स्पेन काफी आगे हैं लेकिन अमेरिका में यह इनसे भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ट्रंप ने कहा, सुरंग के अंत में प्रकाश को देखने से पहले हमें दो सप्ताह तक कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
न्यूयॉर्क में हालात सबसे गंभीर
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वालों की तादाद लगातार बढ़ रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार शहर में 31 मार्च तक कोरोना वायरस के 41,771 मामले सामने आ चुके हैं और 1,096 लोगों की मौत हो चुकी है।
कम से कम 8,400 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और उनमें से 1,888 लोग आईसीयू में हैं। राज्य के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने चेताया कि यह संकट खत्म होने से पहले हजारों की जान ले सकता है। मेयर बिल डी. ब्लासियो ने कहा, हम सबसे मुश्किल दौर पर में प्रवेश करने जा रहे हैं और हमारे शहर के सामने चुनौतियां बढ़ रही हैं।
ब्रिटेन में कोरोना की चपेट में आया 13 साल का बच्चा, देश का सबसे कम उम्र मरीज
ब्रिटेन में कोरोना वायरस महामारी के कारण मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी के बीच एक 13 साल का बच्चा भी इसकी चपेट में आ गया है। सबसे खास बात यह है कि ब्रिटेन के इस सबसे कम उम्र के मरीज का किसी भी तरह की बीमारी का कोई इतिहास नहीं है।
इस्माइल मोहम्मद अब्दुलवहाब नाम के इस बच्चे को सोमवार को सांस लेने में तकलीफ होने पर किंग्स कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस बच्चे का इलाज कराने के लिए एक अरबी शिक्षण संस्थान ने एक ही दिन में ऑनलाइन फंडरेजिंग के जरिये 56 हजार पाउंड जुटाकर उसके परिवार की मदद की है।