Coronavirus : कनाडा में संक्रमण से पहली मौत, ईरान में रिहा किए गए 70 हजार कैदी
दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में कोरोनावायरस फैल चुका है। इस खतरनाक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1 लाख 10 हजार के करीब पहुंच चुकी है। 3800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। चीन, ईरान के बाद यूरोपीय देशों में इसका प्रकोप ज्यादा हो रहा है। जानिए भारत के साथ अन्य देशों का हाल...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जानलेवा कोरोनावायरस की वजह से कनाडा में पहली मौत की पुष्टि हुई है। मृतक की पहचान ब्रिटिश कोलंबिया में लिन वैली केयर सेंटर के निवासी के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार कनाडा में कोरोनावायरस से कुल पीड़ितों की संख्या 71 हो गई है। कनाडा के अधिकारियों ने शनिवार से अब तक कुल 14 नए संक्रमणों की पुष्टि की है।
वहीं, कोरोनावायरस के प्रकोप को देखते हुए ईरान ने करीब 70 हजार कैदियों को रिहा कर दिया है। ईरान की न्यायिक व्यवस्था से जुड़ी एक वेबसाइट ने ईरानी न्यायिक प्रमुख इब्राहिम रईसी के हवाले से सोमवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि करीब 70 हजार कैदियों को रिहा कर दिया गया।
रईसी ने कहा कि कैदियों की रिहाई के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया कि इससे समाज में असुरक्षा पैदा नहीं हो। इस बात की भी संभावना है कि आगे चल कर और भी कैदी रिहा कर दिए जाएं। हालांकि न्यायिक प्रमुख इब्राहिम रईसी ने यह साफ नहीं किया कि रिहा हुए कैदियों को कब तक वापस जेल आना होगा। यहां कोरोना 237 लोगों को शिकार बना चुका है।
चीन के बाहर कोरोना से 28,600 से ज्यादा लोग संक्रमित : डब्ल्यूएचओ
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चीन के बाहर 3,940 से ज्यादा नए मामले पंजीकृत किए हैं। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक चीन के बाहर कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 28,600 से भी ज्यादा हो गई है। संगठन के मुताबिक चीन के बाहर इस वायरस के संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या भी 686 हो गई है।
भारत समेत 13 देशों की उड़ानों पर कतर की रोक
कतर ने कोरोनावायरस के चलते ने भारत से आने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है। इसके अलावा नागरिकों को ज्यादा जरूरत न होने पर यात्रा न करने की सलाह दी है। दुनिया भर में इस वायरस के तेजी से फैलने की चलते ये फैसला लिया गया है। भारत के अलावा कतर ने बांग्लादेश, चीन, मिस्र, ईरान, इराक, लेबनान, नेपाल, पाकिस्तान, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, सीरिया और थाईलैंड से भी आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है।
इस फैसले से भारतीय विमानन कंपनियों के कामकाज पर खासा असर पड़ने का अंदेशा है। कतर की राजधानी दोहा, उन टॉप पांच जगहों में शामिल है जहां भारतीय जाते हैं। इससे पता चलता है कि दोहा का रूट एयरलाइंस कंपनियों के लिए फायदे का सौदा है। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट दोहा के लिए उड़ान भरती हैं। हर तिमाही करीब दस लाख मुसाफिर भारतीय शहरों से दोहा जाते हैं।
यूएई, थाइलैंड और सिंगापुर के बाद सबसे व्यस्त दोहा का ही हवाई मार्ग है। इसमें इंडिगो सबसे अधिक व्यस्त रहती है। मुंबई, कोच्चि, कोझिकोड, दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई से उसके विमान दोहा जाते हैं। कतर की विमानन कंपनी कतर एयरवेज के लिए यह फैसला मुश्किल भरा है क्योंकि यह एक सप्ताह में करीब भारतीय शहरों से करीब 100 उड़ानें भरती है।
पहले से ही दिक्कतों का सामना कर रही हैं कंपनियां
सिंगापुर और थाईलैंड जाने वाली उड़ानें पहले ही काफी कम हो चुकी हैं। हालांकि जानकार मानते हैं कि पश्चिम एशिया की उड़ानों ने बाजार थाम रखा था लेकिन अब यहां के बाजार से मिलने वाली राहत पर भी रोक लग गई है।
तीन नए मामले मिले, कुल 18
कतर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। इसे मिला कर देश में कोरोना से पीड़ित मामलों की संख्या 18 पर पहुंच गई है। यहां अभी तक किसी की मौत का मामला सामने नहीं आया है।
कुवैत तीन दिन पहले लगा चुका है रोक
कतर के पहले कुवैत भी भारत से आने वाली उड़ानों पर तीन दिन पहले ही रोक लगा चुका है। यह रोक उसने सात देशों से आने वाले विमानों पर लगाई है। कतर की तुलना में यहां भारतीय कम जाते हैं। यहां एक तिमाही में करीब तीन लाख मुसाफिर कुवैत की यात्रा करते हैं। ।
इतालवी जेलों में सुलगी चिंगारी, छह मरे
इटली की जेलों में तो संक्रमण फैलने से रोकने के लिए बने नए नियमों के खिलाफ कैदियों ने हंगामा कर दिया। इससे संबंधित मामलों में छह कैदियों कैदियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। नए नियमों में परिवार के लोगों से मुलाकात पर भी रोक लगा दी गई है। इन प्रतिबंधों के खिलाफ नेपल्स और दूसरे इलाके में बनी जेलों में बंद कैदियों के बीच विद्रोह भड़क गया।
इसके पहले इटली ने देश के उत्तरी इलाकों के 15 सूबों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी जिसके चलते इन कैदियों के उनके परिजन व दोस्तों से मिलने पर रोक लग गई है। एक जेल अधिकारी ने बताया कि मोदेना जेल में कैदियों ने पूरी जेल पर कब्जा कर लिया। वे जेल के मालखाने में घुस गए और वहां रखे मादक पदार्थ का सेवन कर लिया। दो कैदियों की मौत मादक पदार्थ की ओवरडोज से हो गई है।
इटली में भारतीय राजदूत ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की
इटली के मिलान में बने भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोमवार को देश में भारतीयों के लिए यात्रा सलाह जारी की है। इसमें कहा गया है कि लोम्बार्डी, मोदेना, परमा, पियासेंज़ा, रेजियो एमिलिया, रिमिनी, वेनिस, पडुआ, ट्रेविसो, एस्टी, एलेसेंड्रिया, नोवारा, वर्बानो क्यूसियो ओस्सोला और वर्सेली को रेड जोन में रखा गया है। प्रोटोकॉल सलाहकार ने कहा कि भारतीयों को यात्रा प्रतिबंधों का पालन करने और पालन करने की सलाह दी जाती है।
पाकिस्तान में सामने आया आठवां मामला
इस्लामाबाद : पाकिस्तान में सोमवार को 55 वर्षीय एक व्यक्ति की जांच में कोरोनावायरस से संक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद देश में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या आठ हो गई है। यह नया मामला सिंध प्रांत की राजधानी कराची में सामने आया है जहां अब तक पांच मामले सामने आ चुके हैं। सिंध के स्वास्थ्य मंत्री के मीडिया समन्वयक मीरन युसूफ ने कहा कि कोरोनावायरस से संक्रमित आठवें व्यक्ति ने हाल ही में कतर होते हुए सीरिया की यात्रा की थी।
जानकारी छिपाने पर सऊदी सरकार लगाएगी एक करोड़ रुपये का जुर्माना
दुबई : सऊदी अरब सरकार ने कोरोना संबंधी जानकारी छिपाने पर एक करोड़ रुपये के जुर्माने का कानून बना दिया है। सोमवार को राजतंत्र के अधिकारी के जारी आदेश में कहा गया है कि देश के प्रवेश बिंदुओं पर अपने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छिपाने के दोषी लोगों को पांच लाख सऊदी रियाल या भारतीय रुपये के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये का जुर्माना भरना होगा।
पुर्तगाल के राष्ट्रपति ने सभी कार्यक्रम रद्द किए
लिस्बन : कोरोनावायरस के खौफ से पुर्तगाल के राष्ट्रपति ने अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों को रद्द करके घर पर रहने का फैसला किया है। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि 71 वर्षीय मार्सेलो रेबेलो डे सूसा ने हाल ने हाल में उस स्कूल के बच्चों से मुलाकात की थी जिस स्कूल को एक बच्चे के कोविड-19 से संक्त्रस्मित होने के कारण बंद कर दिया गया था। इसमें कहा गया कि राष्ट्र्रपति में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं।
फ्रांस में एक हजार से अधिक लोग जमा नहीं हो सकेंगे
पेरिस : फ्रांस सरकार ने देश में कहीं भी 1,000 से अधिक लोगों के कहीं भी इकट्ठे होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यहां कोरोनावायरस के कारण मरने वालों की संख्या 19 हो गई है।
मार्शल देश ने विदेशियों के आगमन पर रोक लगाई
माजुरो : कोरोनावायरस से बचने के लिए वहीं मार्शल द्वीपसमूह ने हवाई मार्ग से यहां आने वाले सभी लोगों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध दो हफ्ते के लिए लगाया गया है। गौरतलब है कि यहां अब तक कोरोनावायरस का एक भी पुष्ट मामला सामने नहीं आया है लेकिन खतरे के मद्देनजर यह सख्त कदम उठाया गया है। मार्शल द्वीपसमूह ने पिछले हफ्ते सरकारी अधिकारियों और निर्वाचित नेताओं की अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर भी पाबंदी लगा दी थी।
उत्तर कोरिया ने सख्त नियम लागू किए
प्योंगयांग : उत्तर कोरिया में अब तक कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है लेकिन यहां बेहद सख्त नियम लागू किए गए हैं। कई हफ्तों से जारी सख्त नियमों के चलते कई राजनयिक यहां से जा चुके हैं। उत्तर कोरिया ने अपनी सीमाएं बंद कर ली और हजारों लोगों को पृथक कर दिया। सैकड़ों विदेशियों को घरों में रहने को कहा गया है।
ईरान में आपदा प्रबंधन के प्रमुख बने कोरोना के शिकार
तेहरान : देश के आपदा प्रबंधन संगठन के प्रमुख इस्माइल नज्जर खुद ही कोरोना का शिकार हो गए हैं। एक न्यूज एजेंसी ने बताया कि राहत की बात यह है कि उन्हें अब अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है लेकिन उन्हें अभी घर में अलग थलग रखा गया है। इससे पहले देश के उप स्वास्थ्य मंत्री भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। विपक्ष का आरोप है कि ईरान में 1,800 लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान के विपक्षी दल मुजाहिदीन-ए-खल्क के सदस्यों ने यह दावा किया है।
हालांकि ईरान सरकार के मुताबिक मरने वालों की संख्या 237 है। अगर विपक्ष के आरोप को सच माना जाए तो कहा जा सकता है कि ईरान सच्चाई को छिपा रहा है और वह वास्तविक आंकड़ों का महज दसवां हिस्सा ही सामने रख रहा है। यह विपक्ष संगठन ईरान से बाहर रह कर काम करता है। इस्राइली मीडिया में आई रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम एशिया के देशों में कोरोना से ही सबसे अधिक मौतों और संक्रमण के मामले ईरान में ही हैं।
ग्रैंड प्रिसेंज क्रूज को लेकर निश्चिंत रहें लोग: कैलिफोर्निया गर्वनर
ऑकलैंड : कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम और ऑकलैंड के मेयर ने लोगों को भरोसा दिलाया कि 14 दिन की पृथक अवधि पूरी किए बिना ग्रैंड प्रिंसेस क्रूज जहाज पर सवार यात्रियों को जनता के बीच जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ग्रैंड प्रिंसेस जहाज पर 54 देशों के 3500 से अधिक यात्री सवार हैं और इस जहाज को पूर्वी सैन फ्रांसिस्को खाड़ी के ऑकलैंड में बंदरगाह पर खड़ा किए जाने की संभावना है।
कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों की संख्या 100 पार करने के बीच न्यूयॉर्क में स्कूलों और कॉलेजों में कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं। कोलंबिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष ली बोलिंगर ने एक बयान में कहा कि यह कदम सुदूर स्थानों पर कक्षाएं संचालित करने की तैयारियों के लिए मौका देगा। कक्षाएं निरस्त भले हें लेकिन विश्वविद्यालय खुला है।
अमेरिकी कांग्रेस के दो नेता आइसोलेशन में
टेक्सास के सीनेटर टेड क्रूज और एरिजोना के रिप्रजेंटेटिव पॉल गोसर ने खुद को 14 दिन के लिए आइसोलेट कर लिया है। दोनों ने आइसोलेशन में रहने का फैसला तब किया जब उन्हें ये पता चला कि हाल ही में कंजर्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कमेटी कांफ्रेंस में जिस व्यक्ति से हाथ मिलाया था उसमें कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इस कार्यक्रम में अन्य नेताओं के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उप राष्ट्रपति माइक पेंस भी मौजूद थे।
दक्षिण कोरिया में मास्क खरीदने का नया नियम
वायरस के कहर के चलते मास्क का संकट भी पूरी दुनिया के लिए चिंता का सबब बन गया है। दक्षिण कोरिया ने मास्क खरीदने के लिए नियम बना दिया है। एक सप्ताह में एक व्यक्ति एक से अधिक बार मास्क नहीं खरीद सकता है।
मास्क पहने व्यक्ति के चेहरे की होगी पहचान
चीन की एक कंपनी ने दावा किया है कि उसने देश की पहली फेसियल रिकॉगनाइजेशन तकनीक विकसित की है जिससे मास्क पहने व्यक्ति का चेहरा भी पहचाना जा सकता है। कोरोना के चलते अधिकतर लोग मास्क पहन रहे हैं जिसके चलते कई स्थानों पर चेकिंग में दिक्कत हो रही है। कंपनी का दावा है कि अगर इस मशीन में तापमान मापने वाला सेंसर लगा दिया जाए तो ये कोरोना के संदिग्ध मरीजों को भी पहचान लेगा।
शंघाई में डिजनी रिसॉर्ट दोबारा खुले, पार्क बंद
शंघाई में डिजनीलैंड थीम पार्क में मौजूद रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट दोबारा एक महीने बाद खुल गए हैं। हालांकि शंघाई डिजनीलैंड थीम पार्क अभी भी बंद है। डिजनी ने कोरोना के कहर को देखते हुए जनवरी में रिसॉर्ट और पार्क को बंद कर दिया था।