फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   coronavirus all updates, Corona reaches 97 countries, 10,2,198 people infected, 3491 killed

97 देशों तक पहुंचा कोरोना, 10,2,198 लोग संक्रमित, 3491 की मौत

Sun, 08 Mar 2020 03:27 AM IST
संजीव कुमार झा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: संजीव कुमार झा Updated Sun, 08 Mar 2020 03:27 AM IST
विज्ञापन
coronavirus all updates,  Corona reaches 97 countries, 10,2,198 people infected, 3491 killed
कोरोनावायरस - फोटो : Social Media

महामारी का रूप ले चुका कोरोनावायरस अब दुनिया के 97 देशों तक पहुंच चुका है। इस बीमारी की चपेट में अब तक 1,02198 लोग आ चुके हैं। इससे अब तक 3491 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमित और मृतकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस बीच, शनिवार को ईरान के एक और सांसद की मौत हो गई। वहीं, जापान के बाद अब अमेरिकी तट पर खड़े एक जहाज में 21 लोग संक्रमित मिले हैं।

विज्ञापन


अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने बताया कि जहाज में जिन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनमें से 19 चालक दल के सदस्य और दो यात्री हैं। इस जहाज को एक गैर वाणिज्यिक डॉक तक लाया जाएगा और सभी 3,500 यात्रियों व चालक दल के सदस्यों की जांच की जाएगी। ग्रैंड प्रिंसेस नाम का यह जहाज बुधवार से सैन फ्रांसिस्को में फंसा है। जहाज को तट पर लंगर डालने की इजाजत नहीं दी गई। यह जहाज हवाई से सैन फ्रांसिस्को आ रहा था।
विज्ञापन

 

17 की मौत, ट्रंप ने 8.3 अरब डॉलर की राशि मंजूर की

कोरोना से लड़ने के लिए 8.3 अरब डॉलर का आपातकालीन ‘व्यय विधेयक’ पारित होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे मंजूरी दे दी। ट्रंप ने अटलांटा रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के मुख्यालय का दौरा करने के बाद कहा, मुझे लगता है कि इस स्तर पर घातक कोरोना वायरस से अमेरिकी जनता के लिए कुल मिलाकर जोखिम कम है।

विज्ञापन
विज्ञापन

अमेरिका के आधे से ज्यादा राज्यों में कोरोना फैल चुका है।

फ्लोरिडा में दो लोगों की मौत के साथ यहां मृतकों की संख्या 17 हो गई। 250 से अधिक लोग संक्रमित पाए गए। इस बीच, अमेरिका के एक प्रभावशाली इस्राइल समर्थक गुट एआईपीएसी ने बताया कि यहां आयोजित इसके वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। सम्मेलन में उपराष्ट्रपति पेंस और विदेश मंत्री माइक पोम्पियो समेत कई सांसद शामिल हुए थे।

 

फिल्म और संगीत का बड़ा कार्यक्रम रद्द

कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिकी राज्य टेक्सास के ऑस्टिन शहर के अधिकारियों ने फिल्म और संगीत से जुड़े एक बड़े कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। ‘साउथ बाय साउथवेस्ट’ नाम के इस कार्यक्रण में दुनियाभर से हजारों की संख्या में लोग आते हैं। ऑस्टिन के मेयर स्टीव एडलर ने कहा कि वह शहर में स्थानीय आपदा घोषित कर रहे हैं और कार्यक्रम को रद्द करने का आदेश भी जारी कर रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि 34 वर्षों में ऐसा पहली बार है, जब आयोजन नहीं किया जा रहा है।

मिस्र में एक जहाज पर सवार 12 लोग संक्रमित

मिस्र की नील नदी में एक जहाज पर सवार 12 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद जहाज को अलग कर दिया गया है। जहाज में भारतीयों समेत 150 से ज्यादा लोग सवार हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि संक्रमित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही मिस्र में संक्रमित लोगों की संख्या 15 हो गई है।
 

फेसबुक ने लंदन में बंद किए अपने ऑफिस

फेसबुक ने लंदन में मौजूद अपने तीन दफ्तरों को सोमवार तक के लिए बंद कर दिया है। कंपनी ने यह फैसला अपने एक कर्मचारी में वायरस की जांच पॉजिटिव आने के बाद लिया। यह कर्मचारी सिंगापुर का था और 24 से 26 फरवरी के बीच लंदन के दफ्तरों में गया था। फेसबुक ने कहा कि हमारे सिंगापुर ऑफिस के एक कर्मचारी के संक्रमित होने का पता चला है। लिहाजा हम सफाई के लिए सोमवार तक अपने लंदन स्थित दफ्तरों को बंद कर रहे हैं। इस दौरान 3,000 कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।
 

ऐसा पहले नहीं देखा, युद्ध जैसे हालात : विशेषज्ञ

ब्रिटेन के कोरोनावायरस विशेषज्ञ रिचर्ड हैटचीट ने आशंका जताते हुए कहा, अगर कोरोना से नहीं लड़ा गया तो दुनिया के 50 प्रतिशत मतलब आधी आबादी इसकी चपेट में होगी। मैंने इससे पहले इतनी डरावनी बीमारी नहीं देखी। वैश्विक महामारी से लड़ना वायरस से जंग की तरह है। रिचर्ड ब्रिटेन में उस दल के सदस्य हैं, जो कोरोना का तोड़ ढूंढ रहे हैं।
 

यूएई में 15 नए मामले, एक भारतीय भी संक्रमित

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक भारतीय समेत 15 और लोग जानलेवा कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 15 में से 13 लोग हाल ही में विदेश से यूएई लौटे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी एक भारतीय छात्रा के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 45 हो गई है।

सऊदी अरब ने जमीन के रास्ते यूएई, कुवैत और बहरीन से आने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। सिर्फ व्यवसायिक ट्रकों के ही सऊदी में प्रवेश की इजाजत होगी। वहीं, अफगानिस्तान में संक्रमित लोगों की संख्या चार हो गई है।

चीन में माहवारी रोकने के लिए दी गर्भ निरोधक दवाएं

कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे चीन के तौर तरीकों पर महिला कार्यकर्ताओं ने सवाल खड़े किए हैं। महिलाएं माहवारी संबंधी उत्पाद न मिलने, खराब फिटिंग वाले सुरक्षात्मक सूट और सिर मुंडवाने जैसी समस्याओं से जूझ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुछ महिला चिकित्सा कर्मियों को उनकी माहवारी को टालने के लिए गर्भ निरोधक दवाएं दी गई, जिसे लेकर भी आक्रोश पैदा हो गया है।

सैनिटरी उत्पादों को दान देने का अभियान शुरू करने वाली शंघाई की 24 वर्षीय जियांग जिनजिंग ने कहा, ‘कई महिला चिकित्सा कर्मी संदेश भेज रही हैं कि माहवारी के कारण उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं। एक महिला ने बताया कि सुरक्षात्मक सूट को पहनकर दिनभर खा पी भी नहीं सकते, सैनिटरी नैपकिन बदलने की बात ही छोड़िए।’

वहीं, चीन में हुबेई प्रांत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी एक बुजुर्ग को जबरन वैन में बिठाकर जांच केंद्र ले जाते हुए देखे जा सकते हैं। दरअसल, बुजुर्ग ने बिना जरूरी मास्क लगाए एक सार्वजनिक टॉयलेट का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद उसे पकड़कर जांच के लिए ले जाया गया।
 

चीन में 28 की मौत, संख्या 3070

चीन में शनिवार को 28 और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 3,070 पहुंच गई। सभी 28 मौतें हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में हुईं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक, 99 नए मामले सामने आने के साथ देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 80651 हो गई। नए मामलों की संख्या इस वायरस के केंद्र रहे हुबेई प्रांत के बाहर दर्ज किए गए हैं। वहीं, यूरोपीय देश जर्मनी में शनिवार को 45 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 684 हो गई। जबकि मैक्सिको में एक और व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने के साथ ही यह संख्या छह हो गई।
 

दक्षिण कोरिया में मृतकों की संख्या 44 हुई

दक्षिण कोरिया में दो रिहायशी बिल्डिंग में रहने वाले दर्जनों लोग संक्रमित पाए गए हैं। दोनों अपार्टमेंट में लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है। यह पहला मामला है जब दो इमारतों को पूरी तरह अलग-थलग कर दिया गया है। दक्षिण कोरिया में दो और लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 44 हो गई। यहां संक्रमित लोगों की संख्या 6767 पहुंच गई।
 

हांगकांग ने जारी की यात्रा एडवाइजरी

हांगकांग प्रशासन ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों से गैर जरूरी विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। हांगकांग में संक्रमित लोगों की संख्या 106 हो गई है, जिसमें दो लोगों की मौत हो चुकी है।
 

विमान कंपनी ने कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा

मलयेशियाई एयरलाइंस कंपनी मलिनडो एयर ने अपने कर्मचारियों को अगले दो सप्ताह के लिए गैर वैतनिक छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। साथ ही कंपनी ने कर्मचारियों का वेतन पचास प्रतिशत तक कम कर दिया है। विमानन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुशाफिज मुस्तफा बाकरी ने बताया कि कोरोना के चलते कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसको देखते हुए वेतन में कटौती का फैसला किया गया।
 

ईरान में सांसद समेत 21 की मौत

ईरान में शनिवार को एक और सांसद फतेमेह रहबर (55) समेत 21 लोगों की मौत हो गई। यहां मृतकों की संख्या 145 पहुंच गई। मध्य फरवरी से अब तक महिला सासंद रहबर समेत 7 राजनेताओं की मौत हो चुकी है। कई सांसद अब भी इसकी चपेट में हैं। दो मार्च को मोहम्मद मीरमोहम्मदी नाम के एक सांसद की मौत हुई थी।

चीन के बाद ईरान में सबसे ज्यादा 145 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हुई है। यहां 5823 लोग संक्रमित हैं। संक्रमण के 1669 नए मामले सामने आए हैं। इससे निपटने के लिए अब ईरान की शक्तिशाली सेना रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने मोर्चा संभाल लिया है।
 

दुनिया की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित

कोरोना का चीन की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। जनवरी और फरवरी में चीन का निर्यात पिछले साल की तुलना में 17.2 प्रतिशत घट गया। जबकि इस अवधि के दौरान आयात 4 प्रतिशत कम रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि यही हाल रहा तो आने वाले समय में चीन में निर्यात और आयात पर बुरा असर पड़ेगा। वहीं, आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था भी कोरोना के चपेट में आ सकती है।

फिलीपींस स्थित एशियन विकास बैंक (एडीबी) के मुताबिक, कोरोना की वजह से पाकिस्तान को 6.1 करोड़ डॉलर का नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसा होने पर कर्ज के तले दबे पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed