बांग्लादेश के रास्ते भारत को घेरने की फिराक में चीन
भारत को चारों ओर से घेरने में लगा चीन एक और कूटनीतिक कदम उठा रहा है। खबर है कि चीन बांग्लादेश को 9 अरब डॉलर (तकरीबन 603 अरब रुपए) का लोन सस्ती दरों पर देने का विचार कर रहा है। माना जा रहा है कि बांग्लादेश इस रुपए से 6 रेल परियोजनाओं पर काम करेगा।
चीन के अधिकारिक मीडिया के मुताबिक इन रेल परियोजनाओं में से एक भारत के करीब से होकर गुजरेगी। चीन की मीडिया ने यह भी कहा है कि यह रेल परियोजनाएं ढाका को घरेलू औद्योगिक क्षेत्रों और भारतीय सीमा से जोड़ेंगी।
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश ने रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए 30 अरब डॉलर की परियोजना तैयार की है। इसमें चीन बांग्लादेश की सहायता करेगा। अखबार के मुताबिक चीन की इस मदद से उसकी पकड़ बांग्लादेश में और भी मजबूत होगी।
चीन-बांग्लादेश के बीच बढ़ते संबंध भारत के लिए चिंता का सबब बन सकते हैं
चीन और भारत के बीच बढ़ती तनातनी के बीच बांग्लादेश एक मुख्य एरिया बन गया है। अखबार के मुताबिक चीन पूरे एशिया में कारोबारी विस्तार करने और सिल्क रूट तैयार करने की रणनीति के तहत ही बांग्लादेश में रेल नेटवर्क का विस्तार का कदम उठाया गया है।
अखाबर ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है, 'चीन की ओर से बांग्लादेश को सस्ता लोन दिया जाना जरूरी था। हालांकि चीन और बांग्लादेश के बीच बढ़ते संबंध भारत के लिए चिंता का सबब बन सकते हैं। लेकिन यह गलत नहीं होगा यदि बांग्लादेश और चीन के बढ़ते आर्थिक संबंधों से नई दिल्ली पर दबाव पड़ता है। इससे भारत पर बांग्लादेश के साथ अपने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने का दबाव होगा।'