आतंकवाद से निपटने के लिए उपविदेश मंत्री को पाकिस्तान भेजेगा चीन
पाकिस्तान पर आतंकवादी संगठनों पर लगाम लगाने के लिए बन रहे चौतरफे दबाव के बीच पाकिस्तान की मदद के लिए चीन आगे आया है। चीन का बयान आया है कि वह आतंकवाद निरोधी वार्ता के लिए अपना एक उच्च अधिकारी पाकिस्तान भेजगा।
इस मौके पर चीन ने जमात-उद-दावा चीफ हाफिज सईद की पाकिस्तान में नजरबंदी के पीछे अपने हाथ होने की खबरों को भी गोलमोल जवाब देते हुए दरकिनार कर दिया।
सईद पर गोलमोल रवैया
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने बताया कि उप विदेश मंत्री चेंग ग्वोपिंग आतंकवाद रोधी वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे। हालांकि, लू ने विस्तृत जानकारी नहीं दी है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि चेंग 6 से 9 फरवरी तक इस्लामाबाद की यात्रा पर रहेंगे।
साथ ही लू ने 2008 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद की नजरबंदी के पीछे चीन का हाथ होने की खबरों पर गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि लंबे समय से पाकिस्तान ने आतंकवाद पर लगाम लगाने के लिए बहुत प्रयास किए हैं।
आतंक पर लगाम लगाने की पाकिस्तान की स्वतंत्र नीतियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके सहयोग का चीन समर्थन करता है।