{"_id":"5ea90fe3a75c5b30ac15034f","slug":"china-to-hold-annual-parliament-session-from-may-22-amid-coronavirus-pandemic","type":"story","status":"publish","title_hn":"चीन 22 मई से संसद का वार्षिक सत्र आयोजित करेगा, दुनिया जूझ रही कोरोना संकट से","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
चीन 22 मई से संसद का वार्षिक सत्र आयोजित करेगा, दुनिया जूझ रही कोरोना संकट से
Wed, 29 Apr 2020 10:55 AM IST
देव कश्यप
पीटीआई, बीजिंग
पीटीआई, बीजिंग
Published by: देव कश्यप
Updated Wed, 29 Apr 2020 10:55 AM IST
विज्ञापन
China Parliament (File Photo)
- फोटो : Twitter
कोरोना संकट से उबरने का दावा कर रहा चीन 22 मई से संसद का वार्षिक सत्र आयोजित करेगा। पहले संसद सत्र पांच मार्च से शुरू होना था लेकिन कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण यह स्थगित हो गया था।
विज्ञापन
यह संकेत देता है कि करीब तीन महीने से अधिक समय तक इस बीमारी का प्रकोप झेलने के बाद चीन में हालात आखिरकार काबू में हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बुधवार को बताया कि नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) की स्थायी समिति के नियमित सत्र में यह फैसला लिया गया। उसने बताया कि मार्च की शुरुआत में होने वाले 13वीं एनपीसी का तीसरा सत्र कोरोना वायरस के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब यह बीजिंग में 22 मई से शुरू होगा।
विज्ञापन
इसके साथ ही राष्ट्रीय सलाहकार संस्था चाइनीज पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कांफ्रेंस (सीपीपीसीसी) का वार्षिक सत्र 21 मई को बीजिंग में आयोजित होने की संभावना है। शिन्हुआ ने बताया कि सीपीपीसीसी की चेयरपर्सन काउंसिल की हाल ही में हुई बैठक में यह सिफारिश की गई।
विज्ञापन
एनपीसी और सीपीपीसीसी का वार्षिक सत्र चीनी नव वर्ष के तुरंत बाद हर साल आयोजित किया जाता है जिसमें सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी साल के लिए बजट समेत अपने राष्ट्रीय एजेंडे की जानकारी देती है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बुधवार को अपनी दैनिक रिपोर्ट में कहा कि देश में मंगलवार को बिना लक्षण वाले 26 नए मामलों के अलावा कोविड-19 के 22 मामलों की पुष्टि की गई।
चीन में मंगलवार तक संक्रमित लोगों की संख्या 82,858 पर पहुंच गई जिनमें 647 वे मरीज भी शामिल हैं जिनका अब भी इलाज चल रहा है और 77,578 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। उसने बताया कि इस बीमारी से अब तक 4,633 लोगों की मौत हो चुकी है।
चीन में मंगलवार तक दूसरे देशों से आए रोगियों की संख्या 1,660 पर पहुंच गई है जिनमें से 553 का इलाज चल रहा है और 22 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दोनों सत्रों को आयोजित करने की घोषणा के मद्देनजर चीन ने बीजिंग शहर को सैनिटाइज कर दिया है। उसने विदेशों से चीनी नागरिकों को लाने वाले विमानों का मार्ग भी विभिन्न शहरों की ओर परविर्तित कर दिया है जहां उनकी जांच की जाए और उन्हें पृथक किया जाए। देश ने वीजा रद्द करके विदेशियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है।
चीन में संक्रमितों की संख्या में कमी होने के साथ ही बीजिंग में अधिकारियों ने कोविड-19 के लिए खास तौर पर बनाए एक अस्पताल से सभी मरीजों को छुट्टी देने के बाद इसे बंद कर दिया है।