Britain Crisis: एक से ज्यादा दावेदार हुए तो ऑनलाइन होगा मतदान, 28 को नए नेता का एलान
Britain Crisis: नेता पद की होड़ में सुनक का मुख्य मुकाबला पेनी मॉर्डन्ट से होगा। नेता पद के पिछले चुनाव में मॉर्डन्ट तीसरे नंबर पर रही थीं। जब चुनाव प्रक्रिया सांसदों के बीच चल रही थी, तब उन्हें 105 सांसदों का समर्थन मिला था...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लिज ट्रस के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी के नए नेता का एलान 28 अक्तूबर को होगा। गुरुवार को अचानक ट्रस के इस्तीफा दे देने के बाद कंजरवेटिव पार्टी में चुनाव प्रक्रिया के प्रमुख ग्राहम ब्रैडी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि ट्रस की जगह लेने के लिए जो नेता अपना दावा पेश करेंगे, उनके नामांकन पत्र पर कम से कम पार्टी के 100 सांसदों के दस्तखत होने चाहिए। अगर एक से ज्यादा नेता ने ये शर्त पूरी करते हुए नामांकन दायर किया, तब कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों के बीच ऑनलाइन माध्यम से मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में जो भी विजयी होगा, वह छह साल के अंदर पांचवां कंजरवेटिव प्रधानमंत्री बनेगा।
चुनाव प्रक्रिया के आरंभ में स्वाभाविक रूप से सबसे बेहतर संभावना पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक की मानी जा रही है, जिन्हें हरा कर ट्रस नेता चुनी गई थीं। तब नेता पद की होड़ के समय सुनक ने ट्रस की आर्थिक योजना के बारे में जो भविष्यवाणियां कीं, उनमें से ज्यादातर सही साबित हुई हैं। सुनक ने कहा था कि अगर ट्रस ने राजकोष में आमदनी का बिना इंतजाम किए टैक्स कटौती की, तो उससे ब्रिटिश मुद्रा पाउंड गंभीर संकट में फंस जाएगा। ऋषि सुनक को आर्थिक मामलों का अनुभवी जानकार माना जाता है। इस वक्त ये बात उनके पक्ष में जाती दिख रही है।
समझा जाता है कि नेता पद की होड़ में सुनक का मुख्य मुकाबला पेनी मॉर्डन्ट से होगा। नेता पद के पिछले चुनाव में मॉर्डन्ट तीसरे नंबर पर रही थीं। जब चुनाव प्रक्रिया सांसदों के बीच चल रही थी, तब उन्हें 105 सांसदों का समर्थन मिला था। इसलिए इस बार मैदान में उतरने की पहली शर्त यानी 100 सांसदों का समर्थन पाने में वे सफल रहेंगी, ऐसा माना जा रहा है। मॉर्डन्ट पहले रक्षा मंत्री रह चुकी हैं और सुनक की तरह ही उन्हें पार्टी के उदारवादी नेताओं में गिना जाता है।
तीसरा सबसे चर्चित नाम केमी बेडनोच हैं। नेता पद के पिछले चुनाव में उन्हें 59 सांसदों का समर्थन मिला था। हालांकि सांसदों के बीच उनका आधार मजबूत नहीं दिखा, लेकिन जनमत सर्वेक्षणों से सामने आया कि कंजरवेटिव पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में उनकी लोकप्रियता का स्तर खासा ऊंचा है। बेडनोच युवा हैं और उन्हें कंजरवेटिव पार्टी के दक्षिणपंथी खेमे से जुड़ा माना जाता है। हालांकि उनकी संभावना ज्यादा मजबूत नहीं मानी जा रही है, लेकिन यह संभावना जताई जा रही है कि ट्रस के समर्थक उन्हें अपना वोट दे सकते हैं।
जॉनसन समर्थकों ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो कंजरवेटिव पार्टी के सभी धड़ों को साथ लेकर सकते हैं।
यूनिटी कैंडिडेट (पार्टी में एकता लाने वाली) उम्मीदवार के रूप में पूर्व प्रधानमंत्री टेरिजा मे का नाम भी उछला है। उनके समर्थकों का कहना है कि टेरिजा मे एक सौम्य नेता हैं, जो आज के उथल-पुथल भरे समय में कारगर नेतृत्व दे सकती हैं। इन नेताओं के अलावा ग्रांट शेप्स, सुएल ब्रेवरमैन, और बेन वॉलास भी अपने मौके की तलाश में बताए जाते हैं। लेकिन समझा जाता है कि इन सबके लिए 100 सांसदों का समर्थन जुटाना आसान नहीं होगा।