चुनाव से एक दिन पहले पाकिस्तान में धमाके: चुनाव कार्यालयों के बाहर एक घंटे के अंदर दो ब्लास्ट; 30 मरे, 52 घायल
पाकिस्तान में आठ फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगे बलूचिस्तान में हिंसा चरम पर है। इससे पहले मंगलवार को प्रांत के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा चौकियों, चुनाव प्रचार कार्यालयों और रैलियों पर 10 ग्रेनेड हमले किए गए थे। रविवार के बाद से प्रांत में लगभग 50 ऐसे हमले हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान में दो अलग-अलग इलाकों में बम धमाके हुए हैं। आम चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को प्रांत के सियासी दलों या नेताओं के कार्यालयों को निशाना बनाते हुए विस्फोट किए गए। इस दौरान कम से कम 30 लोग मारे गए और 42 अन्य घायल हो गए। पहली घटना में पिशिन जिले में निर्दलीय उम्मीदवार असफंदयार खान काकड़ के कार्यालय के बाहर हुई। जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। वहीं, एक घंटे से भी कम समय के बाद किला अब्दुल्ला क्षेत्र में जमीयत उलेमा इस्लाम (जेयूआई) के कार्यालय के बाहर बम विस्फोट हुआ, जिसमें दस लोगों की जान चली गई और 22 अन्य घायल हो गए।
बलूचिस्तान के पंजगुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अब्दुल्ला जहरी ने बताया कि उम्मीदवार असफंदयार खान काकड़ के चुनाव कार्यालय के बाहर एक बैग में बम रखा गया था, जिसमें ‘टाइमर’ लगा था। उन्होंने कहा कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए क्वेटा ले जाया गया है। विस्फोट में हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
जहरी ने बताया कि आतंकी लोगों को मतदान केंद्रों पर जाने से रोकने के लिए उम्मीदवारों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन चुनाव तय समय पर हो यह सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, किला अब्दुल्ला क्षेत्र में जेयूआई उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय में विस्फोट होने से भारी नुकसान हुआ है।
पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) ने कहा कि गुरुवार को होने वाले चुनाव के लिए प्रांत में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। इन आतंकी हमलों के गुनहगारों को पकड़ा जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बलूचिस्तान के गृह मंत्री जान अचकजई ने हमलों की निंदा की और कहा कि चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे।
पाकिस्तान में आठ फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगे बलूचिस्तान में हिंसा चरम पर है। इससे पहले मंगलवार को प्रांत के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा चौकियों, चुनाव प्रचार कार्यालयों और रैलियों पर 10 ग्रेनेड हमले किए गए थे। रविवार के बाद से प्रांत में लगभग 50 ऐसे हमले हुए हैं।