'अमेरिकी सपना गलत हो गया': अमेरिका में मारे गए मृतक की पत्नी ने बयां किया दर्द, नहीं थम रहे परिवार के आंसू
बता दें कि अमेरिका में एक सिख परिवार के चार सदस्यों की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी मृतकों में एक दंपती, उनकी आठ महीने की बच्ची व बच्ची का चाचा शामिल थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका में मारे गए सिख परिवार के चार सदस्यों में से एक अमनदीप सिंह की पत्नी जसप्रीत कौर ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनका अमेरिकी सपना गलत हो गया। अब अमेरिका के बारे में सोचकर भी रूह कांप उठती है। जसप्रीत ने कहा कि उनके परिवार ने अमेरिका में अप्रवासियों के रूप में, अपने और अपने परिवार की सुरक्षा हासिल करने के लिए 18 वर्षों तक कड़ी मेहनत की। लेकिन उन्हें सिर्फ दर्द मिला। उन्होंने कहा कि आठ माह की बच्ची ने क्या गुनाह किया जो उसकी जान ले ली गई। जसप्रीत ने कहा कि कि दोनों भाई परिवार में एकमात्र कमाने वाले थे और अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा करते थे।
अपहरण के बाद सिख परिवार के चार सदस्यों की हत्या की गई थी
बता दें कि अमेरिका में एक सिख परिवार के चार सदस्यों की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी मृतकों में एक दंपती, उनकी आठ महीने की बच्ची व बच्ची का चाचा शामिल थे। चारों पंजाब के होशियारपुर मूल के सिख एनआरआई परिवार के सदस्य थे। आशंका है कि अपहर्ता ने ही चारों की हत्या कर दी। बता दें, अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के मर्सिड शहर में सोमवार को चार भारतवंशियों जसदीप सिंह, उनकी पत्नी जसलीन कौर, उनकी बच्ची आरुही और जसदीप के भाई अमनदीप सिंह का अपहरण कर लिया गया था। चारों के शव एक बगीचे में पाए गए थे।
हत्यारा सिख परिवार के यहां काम करता था
अमेरिका में सिख परिवार के चार सदस्यों की हत्या मामले में एक खुलासा भी हुआ है जिसमें पता चला है कि आरोपी पहले परिवार के लिए ही काम करता था, लेकिन बीते एक साल से उसका परिवार के साथ विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा, इस मामले में आरोपी के साथी की तलाश की जा रही है। शेरिफ वर्न वार्नके ने बताया कि 48 वर्षीय आरोपी जीसस मैनुअल सालगाडो अस्पताल में भर्ती है। सालगाडो को पहले ही डकैती के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और उसे 11 साल की सजा सुनाई गई थी। वह 2015 में रिहा हुआ था। शेरिफ ने कहा, इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी सिख परिवार के साथ किस तरह से जुड़ा हुआ था और उनके बीच विवाद किस बात को लेकर था।
जीसस मैनुअल सालगाडो का भाई भी गिरफ्तार
कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के परिवार के चार सदस्यों का कथित रूप से अपहरण और हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी के भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि उसने इस पूरे मामले में आरोपी भाई का साथ दिया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स ने इसकी जानकारी दी।
मर्सिड काउंटी शेरिफ के प्रवक्ता एलेक्जेंड्रा ब्रिटन ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि जीसस मैनुअल सालगाडो के भाई अल्बर्टी सालगाडो को आपराधिक साजिश, मामले के संबंध में सबूत नष्ट करने के प्रारंभिक आरोप में गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया था।